घातक मोड़ पर कांग्रेस का घमासान

0
447

10 कांग्रेसी विधायक नाराज, कांग्रेस छोड़ने पर मंथन जारी

देहरादून। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद भी जो कांग्रेसी नेता मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने का दावा कर रहे थे वह अब सिर फुट्टवल पर उतर आए हैं। नेता, उपनेता विपक्ष तथा प्रदेश अध्यक्ष के नामों की घोषणा के बाद अब यह घमासान उस चरम सीमा पर जा पहुंचा है जहां कांग्रेस में फिर एक बड़े विभाजन की खबरें चर्चाओं के केंद्र में है। हाईकमान के फैसले से नाराज कल दून में कांग्रेस के आठ—दस विधायकों की बैठक किए जाने की खबर से हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने इन खबरों को निराधार बताते हुए भाजपा पर षड्यंत्र रचने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया है।
सच चाहे जो भी रहा हो लेकिन एक बात तो साफ है कि कांग्रेस में सब ठीक नहीं चल रहा है। केसी वेणुगोपाल और देवेंद्र यादव द्वारा गुटबाजी के कारण हार होने और प्रीतम सिंह को जिम्मेदार ठहराने को लेकर कल प्रीतम सिंह केंद्रीय नेतृत्व के खिलाफ चुनौती भरे लहजे में नजर आए। उनके तल्ख तेवरों को नई नियुक्तियों में उनकी उपेक्षा से जोड़कर देखा गया। लेकिन आज फिर खबर आई कि कांग्रेस के 8—10 विधायक जिसमें हरीश धामी, मनोज तिवारी, मयूख महर, ममता राकेश, खुशाल सिंह, राजेंद्र भंडारी आदि के नाम शामिल हैं, कल कोई बैठक करने जा रहे हैं। जिसमें वह कांग्रेस छोड़कर अन्य विकल्पों पर चर्चा करने वाले हैं। इस खबर ने कांग्रेस में हड़कंप मचा दिया।
हालांकि इस खबर में प्रीतम सिंह का कहीं कोई नाम नहीं आया है लेकिन कहा यही जा रहा है कि प्रीतम गुट इन नई नियुक्तियों को लेकर नाराज है। प्रीतम सिंह के अति करीब माने जाने वाले गिरीश पुनेठा ने अपना इस्तीफा देते हुए कांग्रेस हाईकमान और केंद्रीय नेताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने यहां तक कहा है कि केंद्रीय नेता बताएं कि यह पद कितने पैसे लेकर बांटे गए हैं। यही नहीं उन्होंने चुनाव के लिए आईसीसी से आए पैसे की बंदरबांट का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी बिल टू बिल जांच की जानी चाहिए।
पार्टी में मचे घमासान के बीच हालांकि कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने इसे सिरे से खारिज किया है और कहां है कि कांग्रेस का कोई विधायक कहीं नहीं जा रहा है। अगर वह बैठक कर भी रहे हैं तो यह ऐसी कोई खास बात नहीं है। करण माहरा का तो यहां तक कहना है कि उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी तक नहीं है। उन्होंने इसे भाजपा का षड्यंत्र बताते हुए कहा है कि भाजपा कांग्रेस को कमजोर करने के लिए अफवाह फैला रही है। उधर नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है।


आर्य से मिले प्रीतम, गुलदस्ता भेंट कर दी शुभकामनाएं
देहरादून। भले ही एक तरफ जहां कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी तकरार की खबरें आ रही हो लेकिन वहीं दूसरी ओर राजनीतिक शिष्टाचार की खबरें भी आ रही हैं। बीते कल प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद करण माहरा ने पूर्व सीएम हरीश रावत और प्रीतम सिंह आदि तमाम वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी वहीं आज प्रीतम सिंह और आर्य की मुलाकात भी हुई जिसमें प्रीतम सिंह ने आर्य को गुलदस्ता देकर नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि प्रीतम सिंह ने इन नियुक्तियों पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here