नई दिल्ली। चुनाव के बीच एग्जिट पोल टेलिकास्ट करने वाले ओडिया चैनल नंदीघोष टीवी के खिलाफ चुनाव आयोग ने तत्काल सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कानूनन एग्जिट पोल का प्रसारण 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे से 1 जून शाम 6:30 बजे तक प्रतिबंधित है। ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव 13 मई से 1 जून तक चार चरणों में एक साथ हो रहे हैं। मतगणना 4 जून को होगी। इसके अलावा 42 विधानसभा क्षेत्रों में 25 मई को वोटिंग हुई थी। 4 जून को काउंटिंग होगी। भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी को ओडिशा में एग्जिट पोल के नतीजों के प्रसारण के मौजूदा प्रावधानों के अनुसार नंदीघोष टीवी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आरपी अधिनियम 1951 की धारा 126 ए के तहत एग्जिट पोल प्रतिबंधित हैं। ईसीआई ने 28 मार्च, 2024 के अपने आदेश के तहत 19 अप्रैल, 2024 (सुबह 7 बजे) से 1 जून, 2024 (शाम 6:30 बजे) तक की प्रतिबंधित अवधि अधिसूचित की थी। 77 साल के नवीन पटनायक अगर जीतते हैं तो इतिहास रच डालेंगे। 2000 से ही ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। जीत का छक्का लगाने की कोशिश में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव 2019 में बीजद ने 146 में से 113 सीटों पर कब्जा जमाया था। भाजपा के हाथ 23 तो कांग्रेस को नौ सीट पर संतोष करना पड़ा था।