Home उत्तराखंड देहरादून उम्मीदों की नई कसौटी

उम्मीदों की नई कसौटी

0
19

आठवें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। सरकार ने नवंबर 2025 में आठवें वेतन आयोग का गठन किया था और आयोग को वेतन, भत्तों, पेंशन तथा सेवा शर्तों की समीक्षा कर सिफारिशें देने की जिम्मेदारी दी गई है। आयोग को गठन के बाद 18 महीने में अपनी रिपोर्ट देनी है। सामान्य तौर पर वेतन आयोगों की सिफारिशों का प्रभाव दस वर्ष के अंतराल पर लागू होने की परंपरा रही है और आठवें आयोग के मामले में भी एक जनवरी 2026 से प्रभावी होने की संभावना का उल्लेख सरकार ने किया है। हालांकि वास्तविक लाभ और उसकी तारीख अंतिम सिफारिश तथा सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगी। यहीं से असली सवाल शुरू होता है। क्या आठवां वेतन आयोग केवल वेतन बढ़ाने का माध्यम बनेगा या चार दशक पुराने वेतन-निर्धारण के ढर्रे में भी कोई बुनियादी बदलाव करेगा? आज कर्मचारी जिस महंगाई, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के खर्च का सामना कर रहा है, उसकी तुलना दशकों पुराने वेतन-निर्धारण के नजरिये से नहीं की जा सकती। इसलिए कर्मचारी संगठनों की मांगें भी केवल मूल वेतन बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं। फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम वेतन, वार्षिक वेतनवृद्धि, भत्तों और पेंशन की संरचना में बदलाव की मांगें आयोग के सामने पहुंच रही हैं। आयोग ने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव भी मांगे थे। लेकिन यहां सरकार की अपनी मजबूरियां भी हैं। वेतन आयोग की सिफारिशों का असर केवल केंद्र सरकार के कर्मचारियों की जेब पर नहीं पड़ता, बल्कि केंद्र के राजकोष और कई मामलों में राज्यों के वित्त पर भी पड़ता है। सरकार ने आयोग के लिए आर्थिक परिस्थितियों, राजकोषीय अनुशासन, विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधनों की उपलब्धता तथा सिफारिशों के राज्यों की वित्तीय स्थिति पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखने को कहा है। इसलिए तोहफा और अधिकार के बीच संतुलन जरूरी है। कर्मचारियों को बेहतर वेतन मिलना चाहिए, लेकिन ऐसा वित्तीय ढांचा भी बने जो लंबे समय तक टिकाऊ हो। सबसे संवेदनशील सवाल पेंशन का है। आठवें वेतन आयोग की मौजूदा शर्तों में एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन पुनरीक्षण को लेकर स्पष्टता की मांग उठ रही है। पेंशनभोगी संगठनों ने सरकार से इस विषय को स्पष्ट रूप से आयोग के दायरे में शामिल करने की अपील की है। यह मांग महज आंकड़ों का सवाल नहीं है। जिस कर्मचारी ने तीन-चार दशक सरकारी सेवा में लगाए हैं, उसकी सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा भी सरकार की जिम्मेदारी का हिस्सा है। नई व्यवस्था बनाते समय पुराने पेंशनभोगियों को हाशिये पर छोड़ देना सामाजिक न्याय की भावना के अनुरूप नहीं होगा। इसके साथ ही यह भी साफ होना चाहिए कि वेतन आयोग के नाम पर केवल बड़ी संख्या दिखाने वाली घोषणाएं न हों। वास्तविक आय कितनी बढ़ेगी, महंगाई के मुकाबले उसका असर कितना होगा, भत्तों की संरचना क्या होगी और पेंशनभोगियों को क्या मिलेगा। इन सवालों का जवाब जरूरी है। आठवां वेतन आयोग इसलिए एक अवसर है। सरकार चाहे तो इस मौके पर वेतन निर्धारण की पुरानी विसंगतियों को दूर कर सकती है, वेतन संरचना को अधिक तार्किक बना सकती है और कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों के बीच लंबे समय से चली आ रही असमानताओं पर निर्णायक फैसला ले सकती है। लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है। सरकार को ऐसी सिफारिशों से बचना होगा जो तत्काल राजनीतिक लोकप्रियता तो दें, लेकिन भविष्य में राजकोषीय दबाव बढ़ाएं। कर्मचारियों को राहत और अर्थव्यवस्था की मजबूतीकृदोनों साथ चलने चाहिए। आठवें वेतन आयोग की असली परीक्षा वेतन कितना बढ़ा, इससे नहीं होगी। परीक्षा इस बात की होगी कि क्या उसने वेतन-व्यवस्था को अधिक न्यायपूर्ण, पारदर्शी और भविष्य के अनुरूप बनाया। अगर चार दशक पुराना कोई नियम या ढर्रा वास्तव में बदलता है तो वह बदलाव केवल केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन की खबर नहीं होगा। वह देश की सरकारी सेवा व्यवस्था को नए दौर के अनुरूप ढालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। कर्मचारियों को सिर्फ तोहफा नहीं, न्यायपूर्ण वेतन व्यवस्था चाहिए और सरकार को सिर्फ घोषणा नहीं, ऐसी व्यवस्था देनी होगी जिसका लाभ आज भी दिखे और कल भी टिके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here