धामी सरकार का शपथ ग्रहण कल

0
426
cm dhami k pryaso se char dham yatra suru

पीएम मोदी व शाह भी होंगे शामिल
योगी सहित कई राज्यों के सीएम रहेंगे मौजूद
परेड ग्राउंड में तीन बजे होगा शपथग्रहण

देहरादून। उत्तराखंड राज्य की नई सरकार कल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शपथ ग्रहण करने जा रही है। राजधानी के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह सहित कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का समय दो बजे से चार बजे तक का रखा गया है।
पीएम और केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी के कारण इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भव्य व दिव्य बनाने की कोशिशें की जा रही है। राज्य के सभी 13 जिलों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लाइव प्रसारित करने के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है।
इसके साथ ही राज्य की नई कैबिनेट को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा है कि इस बार कई वरिष्ठ मंत्रियों की छुटृी हो सकती है तथा कुछ नए और युवा चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल जैसे उम्रदराज होने वाले नेताओं को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलेगी जबकि उमेश शर्मा काऊ विधायक रायपुर, रितु खंडूरी विधायक कोटद्वार, आदेश चौहान आदि युवा नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वर्तमान चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को देखते हुए महिलाओं को सरकार में अधिक तवज्जोह मिल सकती है वही प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को इस पद से हटाकर स्पीकर बनाए जाने की चर्चाएं हैं व प्रेमचंद्र अग्रवाल को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। गणेश जोशी, धन सिंह रावत व रेखा आर्य फिर मंत्री बनाए जा सकते हैं। कल होने वाले शपथ ग्रहण में सीएम धामी के साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे यह कल ही पता चल सकेगा।
कल शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आदि के साथ बीस हजार लोगों के शामिल होने की खबर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here