भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर हुआ जानलेवा हमला

0
456

गोली चंद्रशेखर को छूती हुई निकल गई

देवबंद। उत्तर प्रदेश के देवबंद में आज शाम भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। सहारनपुर जिले में चंद्रशेखर के काफिले पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई है, जिसमें वह घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद देवबंद की गांधी कॉलोनी में किसी के पास मिलने गए थे। वहां से निकलते समय दो युवकों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें छर्रे लगने से वह जख्मी हो गए। हमलावर एक कार में सवार होकर फरार हो गए। उपचार के लिए उन्हें देवबंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है। एसपी देहात का कहना है कि अभी हमले का कारण और हमलावरों की जानकारी नहीं हुई है। एसएसपी विपिन ताड़ा का कहना है कि आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आजाद और भीम आर्मी नेता के काफिले पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। फायरिंग के दौरान हमलावरों की गोली चंद्रशेखर को छूती हुई निकल गई। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार वह खतरे से बाहर है। हमलावरों की तलाश में पुलिस जुट गई है। यह भी जानकारी मिल रही है कि हमलावर हरियाणा नंबर की कार से आए थे। अभी तक की जानकारी के अनुसार हमलावरों की कार हरियाणा नंबर की थी और उसमें चार हमलावर सवार थे। हमलें में जहां चंद्रशेखर घायल हुए हैं वहीं उनकी कार में भी गोली लगी हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जुटाई जा रही है। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here