कांग्रेस गरीबी हटाने वाली नहीं गरीबों को हटाने वाली पार्टीः मोदी

0
283

अमित शाह बोले भाजपा ही कर सकती है विकास
भाजपा ने अंतिम दिन प्रचार में झोंकी पूरी ताकत

देहरादून। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज रुद्रपुर में अपनी अंतिम जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में वायदे करती है और सत्ता में आने पर लूट करती है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस 40 साल से गरीबी हटा रही है लेकिन वह गरीबी तो नहीं हटा सकी लेकिन गरीबों को जरूर हटा दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने अभी संसद में भी कहा था कि देश की जनता ने कांग्रेस का हाथ और साथ छोड़ दिया है। जहां से उसे एक बार सत्ता से बाहर कर दिया वहां दोबारा नहीं घुसने दिया है। इस बार उत्तराखंड में भी यही करना है उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा ही उत्तराखंड का विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने स्वार्थ पूरे करने के लिए दूसरों का बुरा करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से वैक्सीन का विरोध किया और भ्रम फैलाया क्या कोई ऐसा कर सकता है? कांग्रेस चाहती थी कि वैक्सीन लोगों तक पहुंच ही न पाए। अगर वैक्सीनेशन न हुआ होता तो तीसरी लहर में क्या होता, क्या कोई बच पाता?
मोदी ने कहा कि हमें आपकी सुरक्षा की चिंता है और विकास की रफ्तार की भी चिंता है। हमने महामारी काल में किसी को भी भूखा नहीं सोने दिया। पर्यटन प्रभावित हुआ तो मुख्यमंत्री धामी ने पर्यटन से जुड़े लोगों की मदद की और हमने रोजगार बचाने के लिए एस एम ई सेक्टर को भी ढाई लाख करोड़ की मदद की। उन्होंने कहा कि इस महामारी काल में अगर कांग्रेस सत्ता में रही होती तो क्या वह राशन आपके पास पहुंच पाता? बिचौलिए रास्ते में ही खा जाते और गरीबों का राशन बाजार में बिक गया होता। हमने गरीबों के खाते खुलवाए उनमें साल में तीन बार रुपए भी डाले गए, क्या कांग्रेस यह सब कर पाती। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार लोगों को घर दे रही है, शौचालय बनवा रही है, राशन दे रही है, हर घर तक नल और जल पहुंचा रही है। क्या कांग्रेस यह सब कर सकती थी? अगर कर सकती होती तो आज देश भर से लोग कांग्रेस को क्यों खदेड़ देते। कांग्रेस जहां से एक बार चली जाती है लोग फिर उसे दोबारा नहीं आने देते हैं अबकी बार उत्तराखंड की जनता को भी यही करना है।
उधर आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देहरादून में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सहसपुर तथा धनोल्टी में जनसभाओं को संबोधित किया उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा ही उत्तराखंड का विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस राज्य को अटल ने बनाया था तथा प्रधानमंत्री ने सजाया संवारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी इस राज्य का भला नहीं कर सकती और कांग्रेस की सरकार ने सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन को लागू करने का कभी प्रयास नहीं किया। जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए तभी वन रैंक वन पेंशन लागू हो सकी। चार धाम का पुनर्निर्माण हो सका, ऋषिकेश—कर्णप्रयाग रेल लाइन पर काम शुरू हो सका, ऑल वेदर रोड बन सकी। राज्य में भाजपा ने सड़क, रेल व हवाई सेवा का विस्तार तेजी से किया है जन सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है जिसे जारी रखने के लिए राज्य में फिर से डबल इंजन की सरकार जरूरी है। इसके अलावा आज राजनाथ सिंह ने भी राज्य में धुआंधार प्रचार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here