कांग्रेस पर अपनी उपेक्षा का लगाया आरोप
देहरादून। धारचुला सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीतकर आये कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने एक बार फिर अपने तेवर हाईकमान को दिखाये हैं। उन्होने कहा है कि अगर क्षेत्र की जनता कहेगी तो वह सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ सकते है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने हमेशा उनकी उपेक्षा की है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित उप नेता विधायक दल की नियुक्तियों के बाद कांग्रेस में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते रोज राजधानी दून में कांग्रेस के कुछ अंसतुष्ट विधायकों की बैठक करने की खबरें सामने आने के बाद दून से दिल्ली तक हंड़कंप मच गया। हालांकि पार्टी द्वारा इसका खण्डन किया गया है। ऐसे में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे है। हरीश धामी का कहना है कि कांग्रेस ने हमेशा उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया है। जबकि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे है। उनका कहना है कि 2022 के विधानसभा चुनावों में पहली बार कांग्रेस से जीते विधायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाकर कांग्रेस ने उनके सम्मान पर चोट पहुंचायी है। उन्होने कहा कि अगर क्षेत्र की जनता कहेगी तो वह सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ सकते है।
बता दें कि धारचुला विधानसभा सीट पर कांग्रेस में इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। नगर, ब्लाक अध्यक्षों सहित 40 से अधिक पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बीते रोज तकरीबन 25 पदाधिकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप कर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है। वहीं मुनस्यारी में भी 30 से अधिक पदाधिकारियों के इस्तीफे जिलाध्यक्ष को सौंप दिये गये है।