भाजपा झूठ की राजनीति करती हैः प्रियंका

0
235

बात करनी है तो बेरोजगारी, महंगाई तथा पलायन पर बात करें भाजपा

देहरादून। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड में धुआंधार तीन जनसभाओं को संबोधित कर कांग्रेस के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह धर्म और जाति की बात क्यों करती है? महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर क्यों बात नहीं करती? उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ झूठे प्रचार के दम पर चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने कहा कि हम हर हाल में इस चुनाव में भाजपा को हरायेगें और सत्ता में आएंगे।
प्रियंका गांधी ने आज खटीमा जहां से मुख्यमंत्री धामी के खिलाफ भुवनचंद कापड़ी चुनाव मैदान में हैं, हल्द्वानी और श्रीनगर में ताबड़तोड़ जनसभाएं की। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को भाजपा के नेताओं से पूछना चाहिए कि उन्होंने 5 साल में सत्ता में रहते हुए कितने लोगों को रोजगार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 28 हजार पद खाली पड़े हैं लेकिन प्रदेश के युवा मारे—मारे फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जब चुनाव हो रहा है तो फिर रोजगार देने का वायदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा रोजगार देती तो राज्य से युवा पलायन क्यों करते? प्रियंका ने महिलाओं को चूड़ियां और बिंदिया बांटने पर कहा कि महिलाओं को भी उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने नौकरियां कितनी बांटी है। क्या चूड़ी और बिंदियोंं से पेट की भूख शांत हो सकती है। उन्होंने कहा कि धर्म और जाति के मुद्दों पर हम राजनीति नहीं करते हम विकास की बात करते हैं। विकास की राजनीति करते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि देश के किसान एक साल तक तीन कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन करते रहे लेकिन प्रधानमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और जब चुनाव आया तो उन्हें लगा कि किसान उन्हे हराने वाले हैं तो उन्होंने तीनों कानून वापस ले लिए। नोटबंदी और जीएसटी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के इन दो कामों ने देश के आम आदमी को बर्बाद कर दिया है। नोटबंदी काला धन रोकने के लिए की गई थी लेकिन नोटबंदी में उनके दोस्तों का सारा काला धन सफेद हो गया। जीएसटी ने छोटे व्यापारियों व दुकानदारों को तबाह कर डाला और अब वह आत्महत्या करने पर विवश है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश का आम आदमी आज महंगाई के कारण मरा जा रहा है लेकिन उन्हें उस गरीब आदमी की कोई चिंता नहीं है उन्होंने कहा कि इस बार झूठे सपने दिखाने वाली भाजपा को आप को बाहर का रास्ता दिखाना है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही आम आदमी का दर्द समझती है और उसकी समस्याओं का समाधान कर सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here