February 24, 2026हल्द्वानी। सीएम पुष्कर धामी के निर्देश पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ऊधम सिंहनगर- विजिलेंस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए थाना दिनेशपुर जनपद उधम सिंह नगर में तैनात एएसआई अनवर अहमद को 15000 रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। थाना गदरपुर में बिजली चोरी का दर्ज मुकदमा निपटाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत।
February 24, 2026चारधाम यात्रा 2025 के अभिनव ट्रैफिक कंट्रोल मॉडल के लिये युवा पुलिस अधिकारी लोकजीत सिंह को मिला राष्ट्रीय सम्मान देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन हेतु विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित SKOCH Award – India’s Honest Independent Honour के लिए चयनित किया गया है।पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून श्री लोकजीत सिंह के नेतृत्व में “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” नामांकन को 106वें SKOCH समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान शासन एवं विकास के क्षेत्र में विशिष्ट और परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यातायात प्रबंधन को सुचारु, सुरक्षित एवं तकनीक-आधारित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन्नत कंट्रोल रूम सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ किया गया। इस नवाचार के परिणामस्वरूप यातायात जाम में कमी, तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस व युवा पुलिस अधिकारी एसपी ( ट्रैफिक ) श्री लोकजीत सिंह की तकनीकी दक्षता, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। चारधाम यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में प्रभावी यातायात प्रबंधन राज्य की प्रशासनिक क्षमता और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।उल्लेखनीय है कि यह पुरस्कार 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें SKOCH समिट के दौरान प्रदान किया जाएगा।उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर एसपी ( ट्रैफिक ) श्री लोकजीत सिंह सहित पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी उत्तराखंड पुलिस के लिए प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में भी नवाचार आधारित पुलिसिंग को प्रोत्साहन देता रहेगा।उल्लेखनीय है कि प्रदेश के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि चारधाम यात्रा के उत्कृष्ट, सुव्यवस्थित और प्रभावी प्रबंधन के लिए युवा पुलिस अधिकारी श्री लोकजीत सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित SKOCH Group द्वारा प्रदान किए जाने वाले SKOCH AWARD से सम्मानित किया जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल एक अधिकारी के उत्कृष्ट नेतृत्व की पहचान है, बल्कि उत्तराखंड की प्रशासनिक दक्षता और पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी है।वर्ष 2024 की चारधाम यात्रा के दौरान आई चुनौतियों ने प्रशासन को अनेक महत्वपूर्ण सीख दी थीं। इन्हीं अनुभवों को आधार बनाते हुए पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2025 की यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक सशक्त रणनीति तैयार की। IG रेंज के अंतर्गत एक केंद्रीकृत और प्रभावी कंट्रोल रूम के गठन का निर्णय लिया गया, जिसकी जिम्मेदारी एसपी श्री लोकजीत सिंह को सौंपी गई। सीमित समय में ही उन्होंने अपनी टीम के साथ कंट्रोल रूम की स्थापना कर व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दीं। आधुनिक तकनीकी संसाधनों, निरंतर मॉनिटरिंग और बहु-एजेंसी समन्वय के माध्यम से यात्रा प्रबंधन को एक व्यवस्थित और परिणामोन्मुख ढांचे में ढाल दिया गया। चारधाम यात्रा 2025 सरकार, शासन और पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि लक्ष्य केवल व्यवस्थाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना था। श्री लोकजीत सिंह के नेतृत्व में कंट्रोल रूम ने व्यवस्थित योजना और त्वरित निर्णय क्षमता के साथ कार्य किया। यात्रा के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों को गतिशील और संवेदनशील तरीके से संभाला गया। धराली आपदा के समय रेस्क्यू कार्यों का प्रभावी समन्वय, पहलगाम आतंकी हमले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, तथा विभिन्न हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी—इन सभी जटिल परिस्थितियों में उन्होंने सूझबूझ, संयम और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। संकट की हर घड़ी में कंट्रोल रूम ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की, जिसके परिणामस्वरूप यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित किया जा सका।श्री लोकजीत सिंह की यह उपलब्धि उनके निरंतर उत्कृष्ट कार्यों की श्रृंखला का एक और स्वर्णिम अध्याय है। इससे पूर्व वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित FICCI द्वारा FICCI Smart Policing Award से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।चारधाम यात्रा जैसे विशाल और आस्था से जुड़े आयोजन का सफल संचालन केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनविश्वास और सुरक्षा का प्रश्न भी होता है। एसपी श्री लोकजीत सिंह ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, तकनीकी दक्षता और टीम भावना के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि सुनियोजित रणनीति और समर्पित प्रयासों से कठिन से कठिन चुनौतियों का भी प्रभावी समाधान संभव है। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा, गौरव और विश्वास का प्रतीक है।
February 24, 2026वर्ष 2017 के वेट टैक्स के निपटान को मांगी थी 20 हजार रुपए की रिश्वत देहरादून। विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए आज जीएसटी में तैनात क्लर्क को 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता की शिकायत पर जीएसटी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी प्रमोद सेमवाल (उपनल कर्मी), डाटा क्लर्क द्वारा शिकायतकर्ता से उसके वर्ष 2017 के वेट टैक्स के निपटान हेतु 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गयी थी। जिसे सतर्कता अधिष्ठान के टीम द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।शिकायतकर्ता हरिद्वार निवासी की शिकायत थी कि उनके फॉर्म हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री जो कि वर्ष 2021 में बंद हो गई है। जीएसटी प्रारंभ होने से पूर्व लास्ट 3 महीने के वेट टैक्स जो कि विभाग द्वारा 176000 रुपए बताया गया को खत्म करने के एवज में जीएसटी बाबू प्रमोद सेमवाल द्वारा 120000 रुपए नगद रुपए की मांग की गई। जिसे किस्तों के रूप में देने के लिए कहा गया। जिसके आधार पर आज विजिलेंस टीम द्वारा प्रमोद सेमवाल पुत्र शिव शरण सेमवाल निवासी सिद्धार्थ एनक्लेव द्वारिका विहार निकट फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर कनखल हरिद्वार हाल तैनाती डाटा एंट्री ऑपरेटर सहायक आयुक्त राज्य कर खंड 3 हरिद्वार को 20000 नगद धनराशि सहित सहायक आयुक्त राज्य कर खंड 3 कार्यालय के पास गिरफ्तार किया गया जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि प्रमोद सेमवाल विगत 18 वर्षों से उपनल से डाटा एंट्री ऑपरेटर पद पर सहायक आयुक्त राज्य कर खंड—3 हरिद्वार कार्यालय में कार्यरत है। जिसके द्वारा पुराने वैट बिल निपटाने के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसों की मांग की जा रही थी।
February 24, 2026बिल्डर्स क्रेता—विक्रेता पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज देहरादून। न्यायालय द्वारा प्रतिबंधित भूमि के अवैध क्रय—विक्रय से जुड़े गंभीर फर्जीवाड़े के मामले में जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ा संज्ञान लेते हुए क्रेता एवं विक्रेता के विरुद्ध थाना शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।आज यहां जनपद में न्यायालय द्वारा प्रतिबंधित भूमि के अवैध क्रय—विक्रय से जुड़े गंभीर फर्जीवाड़े के मामले में जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ा संज्ञान लेते हुए क्रेता एवं विक्रेता के विरुद्ध थाना शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य की सरकारी भूमि पर गिद्ध नजर गढाये बैठे भू—माफिया बिल्डर्स पर जिला प्रशासन कड़े प्रहार करने के मूड मेें है। चंडीगढ पंजाब बाहरी लोग राज्य की प्रतिबन्धित भूमि जिनपर न्यायालय द्वारा क्रय—व्रिकय पर रोक लगा रखी है ऐसी भूमि पर भू—माफियाओं की नजर है ऐसी भूमि को कूटरचित दस्तावेज से जमीन बेचने का मामला संज्ञान में आया है। जिस पर जिलाधिकारी ने एक्शन लेते हुए मुकदमा दर्ज कराया है तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस तरह के अन्य प्रकरणों पर कार्यवाही की जाए। ऐसे प्रकरणों पर जिला प्रशासन कड़ा एक्शन लेने के मूड में है। जिलाधिकारी के संज्ञान में आया कि मौजा आमवाला तरला स्थित खसरा संख्या 94ख, 134, 135 एवं 136 की भूमि, जिस पर न्यायालय द्वारा क्रय—विक्रय पर रोक लगाई गई है, उसे कूटरचित (फर्जी) अभिलेख तैयार कर पंजीकृत कराया गया। शिकायतकर्ता द्वारा विलेख संख्या 8614/2025 एवं 8615/2025 के संबंध में आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया गया कि उक्त भूमि पीएसीएल (पर्ल्स एग्रो टेक कॉर्पाेरेशन लिमिटेड) से संबंधित प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। प्राथमिक जांच में पाया गया कि विक्रेता द्वारा संबंधित भूमि का वास्तविक विवरण छिपाते हुए रजिस्ट्री कराई गई। यह भी सामने आया कि भूमि विवादित होने के बावजूद क्रय—विक्रय कर दिया गया, जो न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है। संबंधित भूमि का संबंध कथित रूप से गोल्डन फॉरेस्ट से जुड़ी परिसंपत्तियों से भी बताया जा रहा है, जिन पर पूर्व से विभिन्न स्तरों पर प्रतिबंध लागू हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर रजिस्ट्रार देहरादून एवं उप जिलाधिकारी सदर को विलेखों की पुनः जांच के आदेश दिए गए। यदि इन विलेखों के आधार पर दाखिल—खारिज के आदेश जारी हुए हैं, तो उन्हें तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। रजिस्ट्रेशन अधिनियम, 1908 की धारा 83 के तहत कूट रचना कर पंजीकरण कराने के मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सब—रजिस्ट्रार कार्यालय देहरादून की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही, ऋषिकेश सब—रजिस्ट्रार कार्यालय की तर्ज पर रजिस्ट्रार कार्यालय देहरादून का वृहद निरीक्षण भी शीघ्र किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि लेन—देन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
February 24, 2026हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात सिलेंंडर फटने से तीन दुकानों मेंं आग लग गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।मामला नगर कोतवाली स्थित विष्णु घाट के पास का है। जानकारी के अनुसार देर रात तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण छोटा सिलेंडर फटना बताया जा रहा है। संकरी गलियों में आग लगने से फायर ब्रिगेड को पहुंचने में भी काफी मुश्किल हुई। गनीमत रही कि आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ है। रात में बाजार पूरी तरह से बंद था। अगर आग दिन में लगती, तो हादसा बड़ा हो सकता था।बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णु घाट चौक पर खाने पीने की दुकानों से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने के कारण मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि भीषण आग में एक दुकान में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर के फटते ही इस दौरान आग भीषण हो गई। सिलेंडर फटने से होटल हरि निवास और राज होटल के दूसरे तल तक आग की लपटें पहुंच गईं। इसी बीच लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सबसे पहले नजदीकी होटलों के कमरों में रुके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। साथ ही दुकानों में रखे चार अन्य सिलेंडर को सकुशल बाहर निकाले गए। फायर टीम ने मौके पर बड़ी दुर्घटना होने से बचायी और कोई जनहानि नहीं हुई। फायर कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भीषण आग पर काबू किया और आग को आसपास स्थित दुकानों व होटलों में फैलने से रोका।
February 24, 2026उधमसिंहनगर। राज्य में महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रूद्रपुर से सामने आया है। यहंा बदमाशों द्वारा एक महिला के साथ तमंचे व चाकुओं की नोक पर सामुहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है।जानकारी के अनुसार रूद्रपुर निवासी एक महिला ने कोतवाली रूद्रपुर में तहरीर देकर बताया गया कि रविवार रात वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में सरस मेला देखने गई थी। यहां इंडियन आइडल विजेता पवनदीप के प्रोग्राम के बाद रात करीब 10 बजे वह देवर के साथ बाइक पर लौट रही थी। बताया कि उन्हें इंदिरा चौक से घर जाना था लेकिन देवर के दोस्तों ने उन्हें किच्छा बाईपास सड़क से चलने के लिए कहा। बीएचईएल कंपनी के पीछे सुनसान सड़क पर पहुंचने पर देवर के दोस्तों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दो दोस्तों ने तमंचे व चाकू के बल पर महिला से बारी—बारी दुष्कर्म किया। इसके बाद उन्होंने तीसरे युवक को भी बुलाया और उससे भी दुष्कर्म करने को कहा लेकिन वह मौके पर आकर चला गया। महिला किसी तरह देवर के साथ घर पहुंची और पति व परिजनों को घटना की जानकारी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने राजा निवासी खेड़ा, करन निवासी भदईपुरा और दो अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म करने, धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।