नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने संसद के ऊपरी सदन यानी राज्यसभा में अपने नेतृत्व ढांचे में एक चौंकाने वाला बदलाव किया है। पार्टी ने युवा चेहरा माने जाने वाले राघव चड्ढा को राज्यसभा के डिप्टी लीडर (उप-नेता) के पद से हटा दिया है। सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को ये भी सूचित किया है कि सांसद राघव चड्ढा को संसद में बोलने के लिए समय आवंटित न किया जाए। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। लेकिन पार्टी इसे केवल प्रशासनिक फेरबदल करार दे रही है। चड्ढा की जगह अब पंजाब के दिग्गज नेता और शिक्षाविद् डॉ. अशोक मित्तल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सचिवालय को भेजी गई आधिकारिक सूचना पार्टी के भीतर हुए इस बड़े फेरबदल की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। आम आदमी पार्टी ने इस बदलाव के संबंध में राज्यसभा सचिवालय को एक आधिकारिक पत्र भेजकर सूचित कर दिया है। इस पत्र के बाद अब यह तय हो गया है कि संसद के आगामी सत्रों में डॉ. अशोक मित्तल ही राज्यसभा में पार्टी के उप-नेता के तौर पर मोर्चा संभालेंगे।
राघव चड्ढा भले ही अब इस पद पर न हों, लेकिन पिछले कुछ महीनों में राज्यसभा के भीतर उन्होंने आम जनता से जुड़े कई ऐसे तकनीकी और बुनियादी मुद्दे उठाए, जिन्होंने सोशल मीडिया और संसद के गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरीं। इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा मोबाइल डेटा और उपभोक्ता अधिकार से संबंधित था।




