नैनीताल। बरेली रोड पर बीती रात पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था और अधूरे फोरलेन निर्माण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम से नगला बाईपास तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन का निर्माण नहीं होने से मार्ग संकरा बना हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार दोनों युवक नगला से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रहे कैंटर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी करीब 12 फीट दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान 21 वर्षीय चेतन बिष्ट पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट, निवासी मानपुर पश्चिम, दौलतपुर, गौलापार तथा 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट पुत्र किशन सिंह, निवासी भवाली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मुक्तिधाम से लेकर नगला बाईपास तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन का निर्माण नहीं होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। संकरे मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात का दबाव देखते हुए फोरलेन निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।





