Home ताजा ख़बर धीरेंद्र शास्त्री की अपील पर बंगाल भाजपा अध्यक्ष का पलटवार, बोले- ‘बंगाली...

धीरेंद्र शास्त्री की अपील पर बंगाल भाजपा अध्यक्ष का पलटवार, बोले- ‘बंगाली अपनी पसंद का खाना खाएंगे’

0
31

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले खान-पान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है। बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की ओर से दुर्गा पूजा के दौरान बंगालियों से मांसाहारी भोजन से परहेज करने की अपील पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोई बाहरी व्यक्ति यह तय नहीं कर सकता कि बंगाल के लोग क्या खाएंगे और क्या पहनेंगे।
धीरेंद्र शास्त्री ने हाल ही में दुर्गा पूजा पंडालों के पीछे मांसाहारी भोजन बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए लोगों से पूजा के दौरान नॉनवेज छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने ऐसे लोगों को लेकर भी टिप्पणी की थी जो खुद को धार्मिक बताते हैं, लेकिन त्योहार के दौरान मांसाहारी भोजन करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बंगाल में मछली और मांस पारंपरिक खान-पान का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने अष्टमी पर लुची (पूरी) और नवमी पर बकरे का मांस खाने की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों को यह बताने का अधिकार किसी को नहीं है कि उन्हें क्या खाना चाहिए।
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि वह धीरेंद्र शास्त्री का धार्मिक व्यक्ति के रूप में सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय को बंगाली समाज पर थोपा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कोई संत या चिकित्सक लोगों को शाकाहारी बनने की सलाह दे सकता है, लेकिन बाहर से आने वाला कोई व्यक्ति बंगाल के लोगों की खान-पान और पहनावे की पसंद तय नहीं कर सकता।
धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी के बाद पश्चिम बंगाल में धर्म, परंपरा और खान-पान को लेकर बहस शुरू हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की प्रतिक्रिया को बंगाल की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान और पार्टी के राजनीतिक रुख के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here