देहरादून। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने व्यापारियों की समस्या को देखते हुए रेडराज खत्म किया उसी तरह से उत्तराखण्ड में सरकार बनने पर यहां के व्यापारियों को भी रेड की समस्या से निजात दिलायेंगे। उन्होंने उत्तराखण्ड के व्यापारियों का आह्ववान किया है प्रदेश की तरक्की में व्यापारी आम आदमी पार्टी के साथ शामिल हों।
आम आदमी पार्टी ने आज राजधानी में देवभूमि बिजनेस डायलॉग में ट्रेडर्स मीटिंग का आयोजन किया। जिसमें दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसौदिया ने व्यापारियों से संवाद किया। इस दौरान सिसौदिया ने कहा कि दिल्ली में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनने ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की थी। वहीं आए दिन व्यापारियों पर पड़ने पर रेड को भी मुख्यमंत्री ने तत्काल बंद करा दिया था। उसके बाद जब दुबारा केजरीवाल सरकार आई तो सीएम ने रेडराज को पूरी तरह से बंद कर दिया। साथ ही यह भी आदेश कर दिए थे कि रेड डालने के लिए पहले अनुमति लेनी होगी। जिससे व्यापारियों को फायदा हुआ और उन्होंने पहले से अधिक टैक्स दिया।
सिसौदिया ने कहा कि उत्तराखण्ड में आप की सरकार बनाने में व्यापारी सहयोग करें। जिससे कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होगा तो उनकी तरक्की होगी और इससे प्रदेश के लोगों की तरक्की होगी। कहा कि दिल्ली में व्यापारियों को अपने काम के लिए अब किसी भी ऑफिस में जाने की जरूरत नहीं पड़ती। सरकार की व्यवस्था के तहत सरकारी कर्मचारी खुद घर आकर व्यापारियों के व्यापार से जुड़े डॉक्यूमेंट्स आपको उपलब्ध कराते हैं। बताया कि सवा सौ डिपार्टमेंट ऐसे हैं जहां सरकारी कर्मचारी खुद घर जाकर जरूरी दस्तावेज मुहैया करवाते हैं। इन व्यवस्थाओं के चलते दिल्ली में व्यापारी अब पहले से खुशहाल हैं। वहां व्यापारियों से पूछ कर काम किया जाता है।
कहा कि दिल्ली की ग्रोथ 12 फीसदी है जबकि उत्तराखंड की 5 फीसदी है। दिल्ली की पर केपिटा इनकम 35 से अधिक हो गई है। दिल्ली के लोग विकास कर रहे हैं और टैक्स भी बढ़ रहा है। वहीं व्यापारियों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आप की सरकार में व्यापारियों से पूछ कर ही आगे काम किया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि आप का वित्त मंत्री व्यापारियों से बात किए बिना कोई फैसला नहीं लेगा। समस्या का समाधान खुद व्यापारी बताएंगे और उसके अनुसार ही अमल किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जीएसटी से संबंधित कोई समस्या हो तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। कहा कि व्यापार बढ़ेगा तो नौकरी बढ़ेगी, लोगों की तरक्की होगी और देश तरक्की करेगा।