- एक विधि विवादित किशोर को लिया संरक्षण में
- 5 लाख की ज्वैलरी व अन्य सामान बरामद
देहरादून। बंद घर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 5 लाख की ज्वैलरी व अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया है।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों अमर सिंह बारवाल पुत्र गोविंद राम निवासी भागीरथी एनक्लेव राजावाला देहरादून द्वारा थाना सेलाकुई में तहरीर देकर बताया गया था कि अज्ञात चोरो के द्वारा उनके बंद मकान का ताला तोड़कर उनके घर से ज्वेलरी व अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे अथक प्रयासो से आज सुबह एक सूचना के आधार पर राजा रोड तिराहे के पास से दो लोगों को चुराये गये सामान सहित गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही घटना में शामिल एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ में उन्होने अपना नाम अनुज कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी पीठ वाली गली, सेलाकुई व मोहित ठाकुर पुत्र जगदीश निवासी जमालपुर, सेलाकुई बताया। बताया कि वह नशे के आदी हैं तथा अपने नशे व अन्य शौकों को पूरा करने के लिये उनके द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।




