September 4, 2026पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं शहर की विभिन्न जनसमस्याएं, शीघ्र समाधान की मांग देहरादून। कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने और सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर के कई वार्डों में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं। इससे घरों में कूड़ा जमा हो रहा है। बारिश के मौसम में इससे मच्छरजनित और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।कांग्रेस नेताओं ने शहर के विभिन्न वार्डों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि शिकायत के बावजूद कई स्थानों पर लाइटें लंबे समय तक ठीक नहीं की जा रही हैं। शाम और रात के समय अंधेरा होने से महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के साथ नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने सड़कों पर बने गहरे गड्ढों और उनमें जमा बरसाती पानी की समस्या भी नगर आयुक्त के सामने रखी। नेताओं ने कहा कि पानी भरने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई।प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि शहर के कई हिस्सों में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं। नेशविला रोड समेत कई स्थानों पर लोग सड़क किनारे कूड़ा डाल रहे हैं, जिससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या पैदा हो रही है। उन्होंने नगर निगम से पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाने और नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। नगर आयुक्त ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।इस दौरान सुनील कुमार बांगा, पार्षद अर्जुन सोनकर, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पार्षद प्रमोद कुमार गुप्ता, पार्षद निखिल कुमार, पार्षद एतात खान, पार्षद जावेद अंसारी, शोम प्रकाश वाल्मीकि, विजेंद्र चौहान, प्रियांश छाबड़ा, आशु, नमन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।