कांग्रेस ने जो 70 साल में नहीं किया वह हमने 7 साल में कर दिखाया
रुद्रप्रयाग। गृह मंत्री अमित शाह आज अपने चुनावी अभियान पर रुद्रप्रयाग पहुंचे जहां उन्होंने डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चलाया तथा भाजपा सरकार के कामों का हवाला देकर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान कर राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।
तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह आज 11 बजे रूद्रप्रयाग पहुंचे सबसे पहले उन्होंने रुद्रनाथ मंदिर जाकर पूजा—अर्चना की जिसके बाद उन्होंने जनसंपर्क अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि बीते 70 साल में जो विकास उत्तराखंड में नहीं हुआ था भाजपा की सरकारों ने वह काम 5—7 सालों में करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए संभव हुआ क्योंकि 2014 और 2017 और 2019 के चुनावों में देवभूमि के लोगों ने भाजपा को खुलकर अपना आशीर्वाद दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य को विकास की जरूरत है और यह विकास भाजपा की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि आज देश का कोई कोना ऐसा नहीं है कि जहां उत्तराखंड का जवान न हो। उन्होंने कहा कि देवभूमि का जो योगदान सीमाओं की रक्षा में रहा है वह किसी भी राज्य का नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में सैनिकों को जो सम्मान दिया गया है वह पहले किसी सरकार ने नहीं दिया है। उन्होंने पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन का जिक्र करने से लेकर राज्य में किए जाने वाले सैन्य धाम के निर्माण की बात करते हुए कहा कि भाजपा सैनिकों के सम्मान और सैन्य साजो सामान को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर स्वर्गीय सीडीएस बिपिन रावत की सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश उनकी सेवाओं के लिए उन्हें हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सीमाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सतर्क है, सीमा क्षेत्रों में विकास के काम जारी है।
इस अवसर पर उन्होंने केदारनाथ के पुनर्निर्माण और ऋषिकेश—कर्णप्रयाग रेलवे लाइन का जिक्र करते हुए कहा कि चार धाम ऑलवेदर रोड निर्माण से विकास की नई परिभाषा लिखी गई है। उन्होंने राज्य में विकास से पलायन रोकने की बात कही। उन्होंने कहा कि मैं आपसे अपील करता हूं कि आप इस विकास की गति को बनाए रखना चाहते हैं तो एक बार फिर भाजपा के पक्ष में मतदान कर देवभूमि में भाजपा की सरकार बनाने का आशीर्वाद दें। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी उनके साथ थे।