राम सिंह कैड़ा भी बैठेंगे भाजपा के छायादार पेड़ की छांव में

0
730

नवरात्रि में ले सकते हैं भाजपा की सदस्यता

देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा अपना कुनबा बढ़ाने में जुटी हुई है। भीमताल से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा भी अब भाजपा का दामन थामने को तत्पर है। उनका कहना है कि भाजपा एक छायादार पेड़ है।
धनोल्टी से निर्दलीय विधायक प्रीतम पंवार और पूर्व विधायक राजकुमार के बाद अब भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा भी भाजपा में शामिल होने का मन बना चुके हैं। उनकी इस बाबत लंबे समय से भाजपा नेताओं के साथ बात चल रही थी। आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से राम सिंह कैड़ा ने उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच लगभग एक घंटे चली बातचीत के बाद यह तय हो गया है कि जल्द ही राम सिंह कैड़ा को भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। अभी श्राद्ध पक्ष के कारण उनको भाजपा की सदस्यता नहीं दिलाई जा रही है। समझा जा रहा है कि नवरात्रि शुरू होते ही वह विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से मुलाकात के बाद जब पत्रकारों ने उनसे इस बाबत पूछा तो उन्होंने ज्यादा कुछ न बताते हुए कहा कि इसमें बुराई भी क्या है भाजपा एक छायादार पेड़ है तथा हर कोई उसकी छाया में बैठना चाहेगा। भले ही अभी तारीख तय न सही लेकिन अब उनका भाजपा के साथ जाना तय हो चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here