राज्य स्थापना दिवस पर सौगातों की बरसात

0
603

2025 तक उत्तराखंड को उत्कृष्ट राज्य बनाने का संकल्प
राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाई गई

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 21वें महोत्सव पर आज पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां सौगातों की झड़ी लगा दी वहीं उन्होंने 2025 तक उत्तराखंड राज्य को एक उत्कृष्ट और आदर्श राज्य बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राज्यपाल गुरूमीत सिंह ने परेड की सलामी ली वहीं मुख्यमंत्री ने राज्य के शहीद आंदोलनकारियों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
स्थापना महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा सरकार की तमाम उपलब्धियों और कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है। मुख्यमंत्री ने गरीबों को दिए जाने वाले मुफ्त राशन से लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाने तक तमाम उपलब्धियों का जिक्र अपने संबोधन में किया। उन्होंने अपने संबोधन में स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य गठन से लेकर सैनिकों के सम्मान तक का काम भाजपा द्वारा किए जाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड राज्य एक आदर्श और उत्कृष्ट राज्य बन जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ राज्य व केंद्र की डबल इंजन सरकार के सहयोग से ही संभव हो सका है। उन्होंने इस अवसर पर अनेक घोषणाएं भी की उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि जिन आंदोलनकारियों को अब तक 3100 पेंशन मिलती थी उन्हें अब 4500 और जिन्हें 5000 पेंशन मिलती थी उन्हें 6000 रूपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य की कामकाजी महिलाओं के लिए आवास बनाने की घोषणा की वहीं सूबे में कई छात्रावास बनाने की घोषणा भी की। पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार और नशा वृत्ति पर चिंता जताई तथा दून और हल्द्वानी में नशा मुक्ति केंद्र बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विदेशों मेंं जाकर नौकरी करने वाले युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए विदेश रोजगार प्रकोष्ठ का गठन करने की भी घोषणा की। वही खेल नीति 2021 को तुरंत लागू करने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उनकी सरकार उपलब्ध कराएगी।
इस अवसर पर राज्यपाल गुरूमीत सिंह ने भी अपने संबोधन में राज्य के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्कृष्ट और सराहनीय सेवा देने वाले अधिकारियों तथा बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र—छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों द्वारा अपने अद्भुत करतब दिखाने से लेकर अन्य कई कार्यक्रम पेश किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here