भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग
लखनऊ। पुलिस मुझे जल समाधि लेने से कब तक रोकेगी। जब भी नजरबंदी से मुक्त हो जाऊंगा जल समाधि ले लूंगा। जिस दिन भी जल समाधि लूंगा वही मेरे लिए 2 अक्टूबर 12 बजे का समय होगा।
हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग पर अड़े संत परमहंस को आज पुलिस ने उनके आश्रम में नजरबंद कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि संत परमहंस ने 4 माह पूर्व भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग करते हुए मांग पूरी न होने पर 2 अक्टूबर(आज) जल समाधि लेने और देह त्याग की घोषणा की थी।
उनकी इस घोषणा के मद्देनजर अयोध्या जिला प्रशासन ने आज सुबह ही उन्हें उनके आश्रम में नजरबंद कर दिया गया था। आश्रम के चारों ओर पुलिस का कड़ा पहरा बैठाने के विरोध में पहले परमहंस ने आश्रम में यज्ञ किया और जब पुलिस प्रशासन ने उन्हें आश्रम से बाहर नहीं जाने दिया गया तो उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें कब तक नजरबंद रखेगी कभी तो पुलिस पहरे से उन्हें मुक्त किया जाएगा जब भी वह आश्रम से बाहर निकलेंगे उसी दिन उनके लिए 2 अक्टूबर होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मैं आग्रह करना चाहता हूं कि घर जल जाने के बाद पानी की व्यवस्था करना बेकार होता है यही वक्त है जब वह भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित कर सकते हैं क्योंकि मौके जीवन में बार—बार नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन से कोई शिकायत नहीं है वह अपना काम कर रहे हैं और मैं अपना। उनके देह त्याग घोषणा को लेकर आज सुबह से ही अयोध्या में मीडिया का जमावड़ा रहा तथा प्रशासन भी चौकन्ना था।