राज्य में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी
नामांकन से पूर्व किया जनसंपर्क, पूजा अर्चना
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा सीट से अपना नामांकन पत्र भरा। आत्मविश्वास से लबरेज मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
नामांकन पत्र भरने से पहले मुख्यमंत्री ने अपने घर में अपनी पत्नी के साथ पूजा अर्चना की तथा नामांकन पत्र भरने के लिए तहसील जाने से पहले कई क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। लोगों से मिलकर बुजुर्गों का आशीर्वाद दिया। इस दौरान नारायण नगर पहुंचे मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश के विस्थापित क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। लोगों का उन्हें यहां भारी जन समर्थन मिलता देखा गया। लोगों का कहना है कि भाजपा ने उनके प्रमाण पत्रों से पूर्व पाकिस्तानी लिखे जाने की व्यवस्था को समाप्त कराया है।
मुख्यमंत्री धामी ने तहसील जाकर अपना नामांकन पत्र भरा और पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राज्य के विकास के लिए किए गए कामों और भाजपा सरकार के कामों से खुश है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाने जा रही है। धामी ने तीसरी बार खटीमा से नामांकन पत्र भरा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है।