चंडीगढ़ । पंजाब के लुधियाना में गुरुवार को कोर्ट परिसर के अंदर हुए विस्फोट में 2 लोगों की मौत हो गई। धमाके में चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है। विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह धमाका लुधियाना कोर्ट के वॉशरूम में हुआ। इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची है। अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में यह धमाका दोपहर करीब 12 बजकर 22 मिनट पर हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि इससे बाथरूम की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के कमरों के शीशे टूट गए।
लुधियाना की जिला अदालत परिसर में विस्फोट पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, मैं लुधियाना जा रहा हूं। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कुछ राष्ट्र-विरोधी तत्व ऐसी हरकतें कर रहे हैं। सरकार अलर्ट है। दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट में कहा, लुधियाना कोर्ट परिसर में विस्फोट की विचलित करने वाली खबर आई है। 2 लोगों की मौत की खबर सुनकर दुख हुआ। घायलों के ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।