नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजरायल दौरे पर पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर बेंजामिन नेतन्याहू ने उनको गले लगाकर गर्मजोशी से स्वागत किया. पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इजरायल के प्रमुख अंग्रेजी अखबार द येरुशलम पोस्ट ने अपने पहले पन्ने पर पीएम मोदी की तस्वीर छापी है। खास बात यह है कि अखबार ने हिंदी और हिब्रू दोनों भाषाओं में नमस्ते लिखा। इसके नीचे संदेश था—दो प्राचीन देश अपने संबंधों का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। यह साफ दिखाता है कि इस यात्रा को कितना अहम माना जा रहा है। 24 फरवरी को प्रकाशित एक ओपिनियन आर्टिकल में द येरुशलम पोस्ट ने लिखा कि मोदी का इजरायल दौरा वैश्विक सुरक्षा के लिए एक रणनीतिक टर्निंग पॉइंट है। लेख में कहा गया कि यह सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं है। पीएम मोदी केनेस्सेट (इजरायली संसद) को संबोधित करेंगे, यरूशलम में इनोवेशन मंच में हिस्सा लेंगे और Yad Vashem में श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। लेख के मुताबिक, ये सभी कार्यक्रम भारत—इजरायल रिश्तों की गहराई दिखाते हैं चाहे वह राजनीतिक विश्वास हो, तकनीकी सहयोग हो या सुरक्षा से जुड़ी साझा समझ।
हिब्रू चैनल एन 12 न्यूज से बात करते हुए भारत में इजरायल के राजदूत रेउवेन एजर ने कहा कि भारत को ऐसी संवेदनशील तकनीकों तक पहुंच मिल सकती है, जिन्हें अब तक साझा नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि सबसे अहम मुद्दा सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करना है। एजर ने यह भी कहा कि हाल के युद्धों और भारतीयों को मिली सुरक्षा चुनौतियों के बाद यह सहयोग और भी महत्वपूर्ण हो गया है। एन 12 न्यूज ने यह बात भी खुलकर लिखी कि भारत को इजरायल समर्थक देश माना जाता है, जिसने 7 अत्तQूबर को हमास के हमले के बाद समर्थन व्यक्त किया था।




