हड़ताली कर्मचारियों का सचिवालय के बाहर हंगामा

0
701

सचिवालय में जाने से रोकने पर सड़क पर ही धरने पर बैठे

देहरादून। पांच सूत्रीय मांगों को नहीं माने जाने पर सचिवालय संघ का विवाद अब और भी बढ़ गया है। हड़ताली कर्मचारियों को आज सचिवालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया जिसके चलते कर्मचारियों ने सचिवालय के बाहर जम कर हंगामा किया। जिसके चलते सुभाष रोड पर जबरदस्त जाम लग गया।
कर्मचारियों द्वारा हड़ताल और कार्य बहिष्कार को देखते हुए सरकार ने नो वर्क नो पे का आदेश जारी किया है। वहीं पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से सचिवालय में संघ ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। वहीं कुछ अज्ञात कर्मियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। आज सुबह से आंदोलित कर्मचारी सचिवालय पहुंचे तो उन्हें सचिवालय गेट से पहले ही रोक दिया गया। जिस पर कर्मचारी भड़क गये और वहां पर हंगामा करने लगे लेकिन सचिवालय प्रशासन ने इन हड़ताली कर्मचारियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। कुछ ही देर में कर्मचारियों की संख्या बढ़ती गई और वे गेट के सामने ही सड़क पर धरना दे कर बैठ गये।
विदित हो कि सचिवालय कर्मचारियों द्वारा पांच सूत्रीय मांग की जा रही है। सचिवालय संघ की मांग है कि दस प्रतिशत सचिवालय भत्ता दिया जाए। आरओ—एपीएस को पांच साल की सेवा पर 5400 ग्रेड पे दिया जाए। वाहन चालकों का सचिवालय में संविलियन किया जाए। सचिवालय सहायक को 42 सौ ग्रेड पे का लाभ दिया जाए। सचिवालय के सुरक्षा कर्मियों को पुलिस पैरिटी की बजाय सचिवालय पैरिटी का लाभ दिया जाए।
कर्मचारियों द्वारा इन मांगों को लेकर मंगलवार से बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी थी और आज सचिवालय में प्रवेश नहीं करने देने पर कर्मचारियों ने जम कर हंगामा किया। वहीं कर्मचारियों द्वारा सड़क पर धरना दिए जाने के दौरान सड़क पर जाम लग गया जिसकी वजह से पुलिस को इस मार्ग का यातायात डायवर्ट करना पड़ा। जिसकी वजह से आम लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
जाम की स्थिति आज होने से ही लोग परेशान हो गये जबकि आज सार्वजनिक अवकाश था। यदि कल भी ऐसा ही होता है तो स्कूलों की छुट्टी के समय जाम की स्थिति और भी ज्यादा चिंताजनक हो जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here