दिग्गज नेताओं में दिखा मतदान के प्रति उत्साह

0
575

रामदेव सहित साधू, सन्यासियों ने किया मतदान

देहरादून। आम जनता ने मतदान में कितनी रुचि दिखाई यह एक अलग विषय है, लेकिन उत्तराखंड के वीवीआइपी तथा नेताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने अपनी पत्नी के साथ दून में वोट डाला वहीं पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक भी अपनी पुत्री के साथ मतदान करने पहुंचे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूजा पाठ के बाद अपनी पत्नी व मां के साथ खटीमा में अपना मतदान करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने वोट डालने आए लोगों का अभिवादन किया और अपील की कि लोकतंत्र के इस महापर्व में वह अधिक से अधिक संख्या में वोट करें। उधर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी आज अपने चुनाव क्षेत्र लाल कुआं में वोट डाला तथा लोगों से अपील की कि सभी लोग वोट जरूर डालें क्योंकि हर वोट की अपनी कीमत होती है। भाजपा के राज्यसभा सांसद ने आज अपने पैतृक गांव (नकोट) पौड़ी जाकर अपना वोट डाला।

मसूरी से भाजपा प्रत्याशी गणेश जोशी ने भी दून के डोभालवाला में जाकर अपना वोट डाला गया।

टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी अपने परिवार के साथ टिहरी में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह हर व्यक्ति का महत्वपूर्ण अधिकार है इसलिए सभी को वोट जरूर डालना चाहिए, वोट ही वह माध्यम है जो आम जनता का अभिमत होता है। वोट के जरिए सभी को सत्ता में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का यही मौका होता है।

कांग्रेस के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने चुनाव क्षेत्र श्रीनगर में अपना वोट डाला और कहा कि जनता के अंदर जो उत्साह दिखाई दे रहा है वह परिवर्तन के संकेत हैं। भाजपा प्रत्याशी विशन सिंह चुफाल ने अपनी सीट डीडीहाट पर अपना मतदान किया, वही सतपाल महाराज ने भी अपने चुनाव क्षेत्र चोबट्टाखाल में वोट डाला। प्रीतम सिंह ने चकराता में अपना वोट डाला, कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल ने दूून में अपना वोट डाला।

योग गुरु बाबा रामदेव भी अपना वोट डालने से नहीं चूके वहीं हरिद्वार में बड़ी संख्या में साधु संतों ने मतदान किया।
उत्तराखंड में आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ लेकिन 9 बजे से ही दिग्गजों नेताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखा गया और वह वोट डालते दिखे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here