बुलेरो खाई में गिरी, 9 की मौत

0
186

पिथौरागढ़। सड़क दुर्घटना में आज सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक जीप के गहरी खाई में गिर जाने से जहंा 9 लोगों की मौत हो गयी वहीं तीन लोग घायल बताये जा रहे है। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों व मृतकों को खाई से बाहर निकाला। दुर्घटना का कारण देर रात से हो रही बारिश के कारण सड़कें खराब होना माना जा रहा है।
आपदा विभाग पिथौरागढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना आज सुबह लगभग दस बजे की बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि पिथौरागढ़ के नाचनी थाना क्षेत्र के होकरा अंतर्गत ये सड़क हादसा हुआ है। बुलेरो (जीप) के खाई में गिरने के बाद लोगों में चीख—पुकार मच गई। सूचना मिलने पर दुर्घटनास्थल पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और उन्होने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना कि रेस्क्यू पूरा करने के बाद ही वो मृतकों की सही संख्या बता पायेंगे। बुलेरों में लगभग 12 लोग सवार बताये जा रहे है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में बड़ा जानमाल का नुकसान हुआ है। सभी यात्री बागेश्वर के रहने वाले हैं, जो मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
आईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर रवाना की गई है। प्रथम दृष्टया 9 लोगों की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात से हो रही भारी बारिश के चलते सड़क पर कटाव हो गया था जिसके कारण कार ज्यादा किनारे चली गई। इसी दौरान हादसा हो गया। कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरी है। हादसे की सूचना मिलते ही लोग रेस्क्यू के लिए दौड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जगह—जगह कार सवार यात्रियों के शव पड़े हैं।
उत्तराखंड का पिथौरागढ़ जिला हादसों के लिए संवेदनशील जिला माना जाता है। ये पहाड़ी जिला भूकंप की दृष्टि से भी जोन फाइव में आता है। इस जिले की सड़कें घुमावदार और संकरी हैं। सड़क से नीचे गहरी खाई है। खाई भी ऐसी है कि अगर सुनसान जगह पर हादसा हो जाए तो कई दिन तक लोगों को पता भी नहीं चलता है। गनीमत रही कि नाचनी इलाके में हुए हादसे का लोगों को जल्द पता चल गया।
ग्राम जखोय के प्रधान हीरा सिंह मेहता का कहना है बीती रात्रि भारी वर्षा हुई। जिसके चलते सड़क पर नाला बहने लगा और सड़क धंस गई। सड़क जानलेवा हो गई है। जहां सड़क धंसी है, उसी स्थान पर इतनी बड़ी दुर्घटना हुई है। सभी ग्रामीण रेस्क्यू कर रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर विधायक हरीश धामी ने जिला अधिकारी सहित जिले के आला अधिकारियों से बात की है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल होकरा पहुंच कर रेस्क्यू तेज करने को कहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के संबंध में वह मुख्यमंत्री से बात कर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करेंगे। विधायक हरीश धामी ने इस भयानक दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here