नई दिल्ली। सर्दी के इस मौसम में कोहरे का असर फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कई फ्लाइट्स आए दिन लेट हो रही हैं या डाइवर्ट कर दी जा रही हैं। अब एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पायलट उड़ान में देरी की घोषणा कर रहे थे। इतने में ही गुस्साए यात्री ने नाराज होकर पायलट पर जोरदार हमला कर दिया। पायलट को चेहरे पर गंभीर चोट आई है। दरअसल, 14 जनवरी, 2024 को दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2175 में देरी हो रही थी। देरी के कारण फ्लाइट में सवार एक यात्री नाराज हो गया और उसने पायलट पर हमला कर दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गहा है। विमानन सुरक्षा एजेंसी ने उस वायरल वीडियो के संबंध में जांच शुरू कर दी है, जिसमें दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-2175) कोहरे के कारण देरी होने पर एक यात्री ने पायलट को मुक्का मार दिया था। ये घटना दोपहर करीब एक बजे की है। यात्री की पहचान साहिल कटारिया बताई जा रही है। दिल्ली के रहने वाले साहिल कटारिया एक बिजनेसमैन हैं। घटना के बाद, साहिल को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (स्वेच्छिक चोट पहुंचाना) और 353 (लोक सेवक के कर्तव्यों में बाधा डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साहिल को दिल्ली पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।