किशोर अब भाजपा के साथ

0
489

टिहरी सीट से लड़ेंगे चुनाव
भाजपा के विकास पर जताया भरोसा

देहरादून। कांग्रेस के कद्दावर ब्राह्मण नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने आज कांग्रेस का हाथ और साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में आज प्रदेश भाजपा प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता प्रदान की। उनकी सदस्यता ग्रहण करने के तुरंत बाद ही उन्हें भाजपा ने टिहरी सीट से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। तथा पार्टी के संगठन महामंत्री अजय कुमार द्वारा उन्हें सिंबल प्रदान किया गया है। उधर उनके भाजपा ज्वाइन करने की खबरों के बीच ही कांग्रेस ने किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 6 साल के लिए बर्खास्त कर दिया है।
हालांकि किशोर उपाध्याय के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा में जाने की खबरें बहुत पहले से आ रही थी लेकिन पार्टी ने उन्हें मनाने या समझाने की कोशिश करने की बजाय अभी कुछ दिन पूर्व उन्हें सभी पदों से भी हटा दिया था जिसके कारण वह स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। उनकी नाराजगी के कारण भाजपा के नेता उनसे संपर्क बनाए हुए थे। जिसके परिणाम स्वरूप आज वह भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी अब उन्हें उनकी परंपरागत सीट टिहरी से चुनाव लड़ा रही है जहां से वह 2002 और 2007 में चुनाव जीत चुके हैं। 2017 में सीट बदलने और कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी के चलते वह सहसपुर सीट से चुनाव हार गए थे।
आज भाजपा में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे 45 सालों तक कांग्रेस की सेवा की है। वह किसी की भी आलोचना नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर आज भाजपा के साथ आ गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से लेकर केदारनाथ तक जो विकास कार्य किए तथा उत्तराखंड की प्रगति के लिए काम किया है उससे राज्य के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि वह अब तक जल—जंगल तथा जमीन की इस लड़ाई को लड़ते रहे हैं भाजपा में आने से वह इस जंग को और अधिक बेहतर तरीके से लड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है तथा राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है जिससे उत्तराखंड को देश ही नहीं विश्व का सबसे बेहतर राज्य बनाने का मौका मिल सकता है। किशोर उपाध्याय के भाजपा में जाने से कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक नुकसान के रूप में देखा जा रहा है।

नाराज भाजपा विधायक नेगी कांग्रेस में गए

देहरादून। टिहरी सीट से भाजपा विधायक धन सिंह नेगी किशोर उपाध्याय को भाजपा में शामिल किए जाने से खासे नाराज हैं। तथा वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जा चुके हैं। उनका आरोप है कि भाजपा ने उनके साथ अन्याय किया है।
उल्लेखनीय है कि राजनीतिक कारणों से भाजपा व कांग्रेस दोनों ने ही टिहरी सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए थे। अब किशोर उपाध्याय के भाजपा में जाने व टिहरी से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की बात साफ होते ही भाजपा के सिटिंग विधायक धन सिंह नेगी ने भाजपा छोड़ने व कांग्रेस में जाने का ऐलान कर दिया है। संभवतः उन्हें भी इस स्थिति की पूर्व जानकारी थी। माना जा रहा है कि कांग्रेस अब टिहरी सीट से धन सिंह नेगी को ही उपाध्याय के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारेगी। इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश धनै भी चुनाव मैदान में है इसलिए मुकाबला त्रिकोणीय होना तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here