May 4, 2026गंभीर अनियमितताएं हुई उजागर देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज सब-रजिस्ट्रार कार्यालय विकासनगर में औचक निरीक्षण किया। डीएम की छापेमारी के दौरान गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। जिलाधिकारी द्वारा आज सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, विकासनगर में औचक निरीक्षण/छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।औचक निरीक्षण के दौरान वर्ष 2018, 2024 एवं 2025 तक के मूल विलेख पत्र (Original Deed Registers) कार्यालय में संदिग्ध स्थिति में पाए गए, जिन्हें तत्काल कब्जे में लेते हुए जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि विक्रय हेतु प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्री किए जाने के मामले भी पाए गए हैं, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।इसके अतिरिक्त, जांच में धारा 47-ए के अंतर्गत स्टांप शुल्क की चोरी से संबंधित 47 प्रकरण भी चिन्हित किए गए हैं। यह वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला है, जिस पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के दौरान कार्यालय संचालन में पारदर्शिता की कमी, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही तथा प्रक्रियात्मक नियमों के उल्लंघन जैसी अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत जांच करते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक समग्र रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे शासन को प्रेषित किया जाएगा।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वर्तमान एवं पूर्व में तैनात सभी सब-रजिस्ट्रार के कार्यकाल के दौरान हुई समस्त गतिविधियों की गहन जांच की जाए। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, डीजीसी नितिन वशिष्ठ, तहसीलदार विकास नगर विवेक राजौरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कार्मिक उपस्थित रहे।
May 4, 2026‘आस्था’ के द्वार से ‘सियासी’ दस्तक कांग्रेस के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का गढ़वाल दौरा अहम उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल से इस बार से सियासत का नया अध्याय कांग्रेस पार्टी अब आस्था के जरिए जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी देहरादून। उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल से इस बार सियासत का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर जैसे प्रमुख धामों से करने का फैसला लिया है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार आस्था के केंद्र सियासी संदेशों के प्रमुख मंच बनेंगे।कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का गढ़वाल दौरा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर केंद्रित रहेगा, जो यह संकेत देगा है कि पार्टी अब आस्था के जरिए जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी। ज्ञात हो कि अब तक उत्तराखंड की राजनीति में धार्मिक मुद्दों और सनातन आस्था के प्रतीकों पर मुख्य रूप से भाजपा की पकड़ मजबूत मानी जाती रही है। भाजपा ने लंबे समय से धार्मिक आयोजनों और आस्था से जुड़े प्रतीकों को अपनी राजनीति का अहम हिस्सा बनाया है, लेकिन अब कांग्रेस भी उसी पिच पर उतरती नजर आ रही है, जिससे सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।बता दें कि कांग्रेस की गढ़वाल क्षेत्र के रुद्रप्रयाग, चमोली और अन्य जिलों में प्रस्तावित बैठकों को केवल संगठनात्मक गतिविधि के रूप में नहीं देखा जा रहा है। यह कार्यक्रम स्थानीय भावनाओं को समझने और उनसे जुड़ने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। इन इलाकों में धार्मिक आस्था का गहरा प्रभाव है, ऐसे में यहां से सियासी संदेश देना बेहद प्रभावी माना जाता है। कुमारी शैलजा का यह दौरा 6 मई से शुरू होने जा रहा है। वह सबसे पहले )षिकेश पहुंचेंगी, जहां वह रात्रि विश्राम करेंगी। इसके बाद 7 मई से उनके राजनीतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस दिन वह श्रीनगर में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी और संगठन की स्थिति का जायजा लेंगी।8 मई को उनका कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब वह केदारनाथ धाम पहुंचेंगी और वहां पूजा-अर्चना करेंगी। यह दौरा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राजनीतिक दृदृष्टि से भी अहम होगा। इसी दिन वह अगस्त्यमुनि में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी और इसके बाद रुद्रप्रयाग में भी जिला स्तर के नेताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके अगले दिन यानी 9 मई को उनका दौरा चमोली जिले में रहेगा, जहां वह बदरीनाथ धाम पहुंचेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। 10 मई को सुबह वह बदरीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और इसके बाद जोशीमठ में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इस दौरान पार्टी की रणनीतियों और आगामी चुनावों को लेकर चर्चा की जाएगी।11 मई को कुमारी शैलजा टिहरी गढ़वाल के चंबा में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इस तरह करीब 5 से 6 दिनों के इस दौरे में वह पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जाकर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगी और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगी। हालांकि इस पूरे दौरे का सबसे अहम पहलू बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में होने वाले कार्यक्रम हैं। यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रही है कि वह भी आस्था और परंपरा के साथ खड़ी है और जनता की भावनाओं को समझती है।उत्तराखंड की राजनीति में अब तक भाजपा को ही धर्म के मोर्चे पर मजबूत माना जाता रहा है, लेकिन कांग्रेस ने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम से अपने अभियान की शुरुआत कर यह साफ कर दिया है कि वह अब गढ़वाल के धार्मिक महत्व को अपनी सियासत का मुख्य आधार बनाने जा रही है। यह महज एक यात्रा नहीं, बल्कि देवभूमि के जनमानस को यह बताने की कोशिश है कि आस्था पर किसी का एकाधिकार नहीं है।
May 4, 2026देहरादून। मसूरी में बीती देर शाम मॉल रोड बैरियर पर जबरदस्त हंगामा हो गया। दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में मॉल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों दंपतियों के बीच जमकर गाली—गलौज और लात—घूंसे चले। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया।प्राप्त जानकारीं के अनुसार, दिल्ली से आया पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मॉल रोड बैरियर पर पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बताया कि प्रतिबंधित समय में मॉल रोड पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद है और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा। लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। देर शाम स्थानीय दंपति और लोग वहां पहुंचे और सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पर्यटक और उसकी पत्नी वाहन से उतरकर स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला करने लगे, जिसके बाद उसकी पत्नी भी उलझ पड़ी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात—घूंसे चले। महिलाओं के बीच भी धक्का—मुक्की और हाथापाई हुई। घटना के दौरान मॉल रोड बैरियर क्षेत्र में अफरा—तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को मसूरी कोतवाली ले गई, जहां देर रात तक एक—दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर बहस चलती रही। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन में बढ़ती अव्यवस्था और नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई है।
May 4, 2026हरिद्वार। पुरानी रंजिश के चलते बिनारसी गांव मेंं हुई हत्या के मामले में लम्बे समय से फरार चल रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिनारसी गांव में रविदास जयंती के दिन दो हत्यायें हुई थी जिसमें दोनो पक्षों की ओर से हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।बीती 1 फरवरी को रविदास जयंती शोभायात्रा सकुशल संपन्न होने के उपरान्त शाम को समय करीब पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी विशाल द्वारा अपने सह आरोपियों के साथ मिलकर गाँव के ही युवक आनंद की गोली मारकर ह्त्या कर दी थी। जिसके पश्चात आनंद के परिजनों व उसके परिवार के अन्य लोगों द्वारा आक्रोशित होकर विशाल पक्ष के मांगेराम पुत्र चमनलाल उम्र 55 वर्ष की लाठी डंडों से पीटकर ह्त्या कर दी गयी थी तथा विशाल पक्ष के लोगों के घरों में आगजनी कर तोडफोड़ कर शान्ति व्यवस्था भंग की गयी थी। जिस पर दोनों पक्षों की तहरीर पर थाना भगवानपुर पर सम्बंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कए गए। मृतक मांगेराम के पुत्र जोनी की तहरीर पर आरोपी अनुज पुत्र चन्द्रपाल, टिकू पुत्र समय सिंह, रोहित पुत्र पदम, असकेन्द्र पुत्र रामपाल, अवनेश उर्फ हनुमान पुत्र गिरधारी लाल, मोहित पुत्र मुनेश, विकास पुत्र लक्ष्मीचन्द देशराज पुत्र बुद्धु राणा, अशोक पुत्र अतर सिंह, रामानन्द पुत्र इलमचन्द, बबलेश पुत्र सतपाल, भवानी पुत्र पाले राम, हुस्रलाल पुत्र अतर सिंह, प्रमोद पुत्र शोभाराम, अक्षय पुत्र पप्पू, सुनील पुत्र पदम, भूपेन्द्र पुत्र रामपाल, जोनी पुत्र सूरत सिंह अन्य निवासी गण बिनारसी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। मृतक आनंद के पिता लक्ष्मीचंद की तहरीर पर आरोपी विशाल पुत्र शेर सिंह, हिमांशु पुत्र तराचंद, सौरभ पुत्र मनीराम, विनीत पुत्र देशपाल, निखिल पुत्र टीटू, विकसित पुत्र टीटू, प्रिंस पुत्र शेर सिंह के विरुद्ध थाना भगवानपुर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था तथा जिस पर गाठित पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुये दोनो पक्षो से वर्तमान तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। घटना में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। जिनमें से दो बदमाशों मनीष पुत्र रामबतोरा निवासी ग्राम बिनारसी थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार उम्र 42 वर्ष व सुमित पुत्र लाखन सिंह को चुडियाला ईट भटृे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
May 4, 2026बीते एक दशक से देश की राजनीति में क्या कुछ हो रहा है? भले ही आम आदमी के समय से परे रहा हो लेकिन अब उसकी समझ में सब कुछ आने लगा है। देश के राजनीतिक दल और नेता चुनावी नतीजों में उलझे हैं वहीं दूसरी ओर देश में महंगाई और बेरोजगारी की समस्या दस्तक दे रही है यह समस्या कितनी अधिक गंभीर और भ्ौयावह रूप ले चुकी है इसका अभी किसी को भी अनुमान नहीं है। किसी राष्ट्र के लिए एनर्जी की क्या महत्त्ता है? यह बात किसी के भी तब तक समझ नहीं आ सकती है जब तक स्थिति सामान्य हो। असामान्य होते ही हालात ने देश में यह एनर्जी संकट इतना गंभीर होने वाला है कि इसके प्रभाव से क्या आम और क्या खास कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकता है। तेल और गैस की कीमतों में होने वाली इस असामान्य मूल्य वृद्धि से उघोग धंधों का चौपट होना और इन औघोगिक इकाइयों में काम ठप होने से लोगों की नौकरियां जाने से लेकर होटल—रेस्टोरेंट और पर्यटन से जुड़े व्यवसाययों पर इसका अत्यंत ही प्रतिकूल प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है। चाय से लेकर भोजन की थाली तक की कीमतों में 20 से 30 फीसदी तक का इजाफा हो चुका है। तथा अभी इसमें और अधिक वृद्धि के आसार दिखाई दे रहे हैं क्योंकि अभी सिर्फ खाना पकाना ही महंगा हुआ है पेट्रोल और डीजल की कीमतों में होने वाली वृद्धि से अब सामान की ढुलाई और यात्री किराए में भारी बढ़ोतरी होने तक तय है। चुनाव के कारण अब तक सरकार ने पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि को रोका हुआ था। लेकिन चुनाव के नतीजे आते ही अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 25 से 35 रूपये प्रति लीटर तक वृद्धि संभावित है जिसके कारण आम उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में भी भारी उछाल आएगा। पहले से महंगाई व बेरोजगारी की मार झेल रहे आम आदमी के लिए यह स्थिति असहनीय होने तक जा सकती है। देश में बड़ी संख्या में गरीबों की रेखा से नीचे जीने वाले और भुखमरी के शिकार लोगों की संख्या में 80 से 90 लाख लोग बढ़ सकते हैं। खास बात यह है कि बीते 11 सालों से देश की सत्ता पर काबिज भाजपा की सरकार और नेताओं द्वारा देश के लोगों से देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को लगातार छुपाया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों में भले ही सब कुछ हरा ही हरा क्यों ना दिख रहा हो लेकिन आंतरिक हालात बेहद ही खराब होते जा रहे हैं। रुपए की कीमत अगर डॉलर के मुकाबले शुन्य पर जाने जैसी स्थिति हो तो आपको आयात की निर्भरता बहुत ही अल्पकाल में दिवालिया बना सकती है। मगर बीते 10 सालों में भाजपा के नेताओं ने इस तरफ कतई भी ध्यान नहीं दिया उनके लिए राजनीति का अर्थ सिर्फ और सिर्फ चुनाव लड़ने और चुनाव कैसे जीतना है तक ही सीमित रहा है। उनके लिए राजनीति का अर्थ राष्ट्र नीति कभी नहीं रहा है जहां समाज के कल्याण के लिए योजनाएं और नेीतियों का निर्माण किया जाता है। बीते एक दशक से भाजपा ने सिर्फ अपनी चुनावी जीत सुनिश्चित करने वाली नीतियों को ही प्राथमिकता दी है। जिसका खामियाजा अब पूरे देश को भोगना पड़ रहा है।
May 4, 2026देहरादून। दहेज में मोटरसाईकिल न मिलने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में सम्पूर्ण जनपद में प्रचलित ऑपरेशन प्रहार’ के अन्तर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधिनस्तो को अपने—अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चैकिंग/सत्यापन अभियान चलाते हुए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तथा वांछित/फरार आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में लाल मोहम्मद पुत्र सिराजुद्दीन निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा पो. चकई, थाना शारदा, जिला लखीमपुर, उ.प्र. द्वारा थाना सेलाकुई पर सूचना दी कि उनके दामाद आरिफ अली पुत्र वारिश अली ने उनकी पुत्री शाहीन बानो जिसकी शादी को वर्ष 2025 मे हुई थी को दहेज के लिए प्रताडित कर चुन्नी से गला घोटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना की सवेंदनशीलता के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना सेलाकुई पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु थाना सेलाकुई पर गठित पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए साथ ही आरोपी के सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशें दी गई। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूप मिली सूचना पर फरार/वांछित आरोपी आरिफ अली को सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह दिहाडी मजदूरी का कार्य करता है तथा वर्ष 2025 मे उसका विवाह शाहिन बानो पुत्री लाल मोहम्मद निवासी ग्राम शारदा नगर सुहेला टापर पुरवा पो. चकई थाना शारदा जिला लखीमपुर उ.प्र. के साथ हुआ था। विवाह में उसके ससुराल वालो ने न तो उसे दहेज दिया था और न ही शादी में उसकी किसी प्रकार की सहायता की थी। एक माह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी के साथ काम के लिये सेलाकुई आया था तथा जमनपुर मे किराये का कमरा लेकर अपनी पत्नी के साथ रहने लगा। आरोपी सेलाकुई में दिहाडी मजदूरी तथा उसकी पत्नी डिक्सन कम्पनी मे काम करने लगी। इस दौरान आरोपी का अक्सर दहेज में मोटर साइकिल नही देने को लेकर अपनी पत्नी के साथ विवाद होता रहता था तथा उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से भी बात करती है। घटना के दिन इसी बात को लेकर दोनो के बीच झगडा हो गया तथा मृतका द्वारा आरोपी को लात मारने पर आरोपी द्वारा चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी तथा अपने रिश्तेदारों व आस—पास के लोगों को तबियत खराब होने के कारण उसकी पत्नी की मृत्यू होना बताया गया।