तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां गिरफ्तार, कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

0
146


कोलकाता। बंगाल पुलिस की एक विशेष टीम ने शेख शाहजहां को उत्तरी 24 परगना जिले के एक घर से गिरफ्तार कर लिया। शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों पर संदेशखाली में महिलाओं पर यौन अत्याचार और जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की अदालत ने संदेशखालि से शेख को बृहस्पतिवार को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मिनाखान से तड़के गिरफ्तारी के बाद शेख को सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर बशीरहाट की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने शेख को 14 दिन की हिरासत में भेजे जाने का अनुरोध किया था लेकिन अदालत ने 10 दिन की पुलिस हिरासत की मंजूर दी।
पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में महिलाओं के यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख शाहजहां को 55 दिन बाद बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शेख को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि से लगभग 30 किलोमीटर दूर मिनाखान में एक घर से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि शेख कुछ साथियों के साथ उस घर में छिपा था। गिरफ्तार करने के बाद उसे बशीरहाट अदालत ले जाया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वह फिलहाल हवालात में है और उसे दिन में अदालत में पेश किया जाएगा। कलकत्ता उच्च न्यायालय के बुधवार को कहा था कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या पश्चिम बंगाल पुलिस शेख को गिरफ्तार कर सकती है।
इसके 24 घंटे के भीतर ही शेख को हिरासत में ले लिया गया। राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने शेख की गिरफ्तारी के लिए सोमवार रात राज्य सरकार को 72 घंटे की ”समयसीमा” दी थी। राज्यपाल ने कहा, ” अंधकार के बाद उजाला जरूर होता है। मैं इसका स्वागत करता हूं।” एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शेख का पता उसके मोबाइल फोन की ”लोकेशन” से चला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here