Home News Posts उत्तराखंड सड़क हादसे में तीन घरों के चिराग बुझे

सड़क हादसे में तीन घरों के चिराग बुझे

0
35

उधमसिंहनगर। सड़क हादसे में देर शाम एक निजी स्कूल बस व बाइक की टक्कर में हो जाने से बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिये है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार खटीमा विकास खंड के प्रतापपुर वार्ड नंबर सात निवासी देवेंद्र सिंह राणा (27) पुत्र उमेश सिंह राणा के साथ बाइक में गांव के ही दो युवक राजेश सिंह राणा (35) पुत्र पंचम सिंह राणा व राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला(27) पुत्र दर्शन सिंह किसी काम से झनकट आए थे। जो देर शाम झनकट से वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच नानकमत्ता से बच्चों को घर छोड़ने आ रही एक निजी स्कूल की बस व बाइक की प्रतापपुर नंबर 9 में गुरूद्धारा फार्म के पास आमने—सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस व आपातकालीन सेवा 108 को दी। तीन घायलों को एंबुलेंस 108 व निजी वाहनों से उप जिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. सिमरनजीत सिंह ने तीनों को जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर उप जिला चिकित्सालय पहुंची नानकमत्ता पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। तीनों शवों का पोस्टमार्टम आज होगा। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजन व ग्रामीण उप जिला चिकित्सालय पहुंच गए। जहां परिजनों का रो—रो कर बुरा हाल है। मृतक देवेंद्र सिंह राणा तीन बहनों में परिवार का इकलौता था। मृतक देवेंद्र राजमिस्त्री का काम करता था। जो अविवाहित था। मृतक राजेश सिंह राणा अपने पीछे पत्नी शिशुकला, पुत्री रितिका(9), जेसिका(6) को रोता बिलखता छोड़ गया। मृतक राजेश भी राजमिस्त्री का काम करता था। मृतक राजेश के दो भाई है। मृतक राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला पुत्र दर्शन सिंह अविवाहित था। मृतक राजेश मजदूरी का काम करता था। मृतक राजेश तीन भाई थे। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से गांव मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर खटीमा विधायक भुवन कापड़ी,पूर्व ब्लॉक प्रमुख खटीमा रंजीत सिंह नामधारी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here