सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर यहूदियों के त्योहार हनुक्का मना रहे लोगों को निशाना बनाकर दो हमलावरों ने गोलीबारी की है, जिसमें कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की खबर है।यह भयावह घटना रविवार दोपहर नॉर्थ बॉन्डी बीच पर हुई, जहां काले कपड़े पहने दो हमलावरों ने हाई पावर हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की।
पुलिस ने एक हमलावर को गोली मार दी और दूसरे को पकड़ लिया है। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज ने इसे ‘दिल दहलाने वाला’ बताया और लोगों से शांत रहने की अपील की है।
सिडनी में यहूदी समुदाय हनुक्का का त्योहार मना रहा था, जो 14 दिसंबर से शुरू हुआ है। बॉन्डी बीच पर उत्सव के दौरान हुई इस गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। सोशल मीडिया वीडियो में लोग दहशत में रेत पर दौड़ते और चीखते-चिल्लाते हुए जान बचाते दिखे, जबकि पास में गोलियों की तेज आवाजें आ रही थीं। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, लोगों ने लगभग 50 गोलियों की आवाजें सुनी थीं, जिससे हमले की भयावहता का पता चलता है। हमले के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को हिरासत में ले लिया है। एक हमलावर को पुलिस ने मौके पर ही गोली मार दी, जबकि दूसरे हमलावर को पकड़ा गया। फिलहाल दोनों ही पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने और न्यू साउथ वेल्स पुलिस द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करने का आग्रह किया है। इस घटना ने ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।




