ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का मंगलवार को सुबह 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं।दिल और फेफड़ों में इन्फेक्शन की वजह से 23 नवंबर, 2025 को उनको अस्पताल में एडमिट कराया गया था। वे वेंटिलेटर पर थीं। सोमवार रात को उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई थी।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने एक बयान जारी कर अपनी चेयरपर्सन के निधन की पुष्टि की। पार्टी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया का आज सुबह 6:00 बजे फज्र (सुबह की) नमाज के ठीक बाद निधन हो गया। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और सभी से उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं।खालेदा जिया ने 1991 से 1996 तक तथा 2001 से 2006 तक बांग्लादेश की कमान संभालीं। वे बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने के साथ ही मुस्लिम दुनिया में बेनजीर भुट्टो के बाद दूसरी महिला प्रधानमंत्री थीं। शेख हसीना के शासन के दौरान उन्हें कई सालों से नजरबंद रखा गया था। वे 1984 से बीएनपी की अध्यक्ष और नेता थीं, इसकी स्थापना उनके पति जियाउर रहमान ने 1978 में की थी। फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें 2004 में विश्व की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की अपनी सूची में 14वें स्थान पर रखा था। 2005 में इस सूची में 29वें और 2006 में 33वें स्थान पर थीं




