October 18, 2025हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उप जिलाधिकारी हरिद्वार द्वारा प्रेषित आख्या में उल्लिखित तथ्यों के आधार पर शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता, नकारात्मक दृष्टिकोण रखने और तहसीलदार हरिद्वार द्वारा जारी स्पष्टीकरण का कोई उत्तर न दिये जाने के दृष्टिगत रखते हुये महेश कुमार सोनी, सहा. वा.वा.न./वरिष्ठ सहायक तहसील हरिद्वार के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही करते हुये, तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। निलम्बन अवधि के दौरान महेश कुमार सोनी को कलक्ट्रेट हरिद्वार के संग्रह अनुभाग में सम्बद्ध किया गया है।निलम्बन की अवधि में महेश कुमार सोनी को वित्तीय नियम संग्रह खण्ड—2 से 4 के मूल नियम—53 के प्राविधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि अर्द्ध वेतन पर देय अवकाश वेतन की राशि के बराबर होगी तथा उन्हे जीवन निर्वाह भत्ते की धनराशि पर मंहगाई भत्ता यदि ऐसे अवकाश वेतन पर देय हैं, भी अनुमन्य होगा। किन्तु ऐसे कार्मिक को जीवन निर्वाह के साथ कोई मंहगाई भत्ता देय नही होगा। जिन्हे निलम्बन से पूर्व प्राप्त वेतन के साथ मंहगाई भत्ते का उपांतिक समयायोजन प्राप्त नही था। निलम्बन के दिनांक को प्राप्त वेतन के आधार पर अन्य प्रतिकर भत्ते भी निलम्बन की अवधि में इस शर्त पर देय होगें, जब इसका समाधान हो जाये कि उनके द्वारा इस मद में व्यय वास्तव में किया जा रहा हैं, जिसके लियें उक्त प्रतिकर भत्ते अनुमन्य होगा। उल्लिखित मदों का भुगतान तभी किया जायेगा, जब महेश कुमार सोनी, वरिष्ठ सहायक कलक्ट्रेट हरिद्वार इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें कि वह किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार, वृत्ति, व्यवसाय में नही लगे है।
October 18, 2025शामली। मुठभेड़ में देर रात एक लाख के ईनामी बदमाश को पुलिस ने ढेर कर दिया है। आरोपी पर हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी व नकली करैंसी सहित कई संगीन मुकदमें दर्ज थे। हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को मौके पर एक बाइक, तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश नफीस उर्फ मुर्दा को मुठभेड़ में मार गिराया है। नफीस पर तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा के जंगलों में हुई।बताया जा रहा है कि पुलिस को देर रात सूचना मिली कि क्षेत्र में एक लाख का ईनामी बदमाश नफीस उर्फ मुर्दा आया हुआ है तथा वह किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने चैकिंग अभियान शुरू किया तो इस दौरान नफीस ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया, जिसके बाद में जबाबी फायरिंग में उसे गोली लगी, उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। मुठभेड़ की सूचना पर जिले के आलाधिकारी और फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नफीस उर्फ मुर्दा कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल का रहने वाला था। जिसके खिलाफ जनपद शामली में करीब 3 दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, लूट, डकैती, नकली करेंसी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल थे।
October 17, 2025श्रद्धालुओं की मौजूदगी में परंपरागत विधि—विधान से हुआ धार्मिक अनुष्ठान चमोली। पंच केदारों में चतुर्थ केदार रुद्रनाथ धाम के कपाट आज सुबह परंपरागत विधि—विधान और मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे क्षेत्र में जय रुद्रनाथ’ के जयघोष गूंज उठे। करीब 500 से अधिक भक्त कपाट बंद होने के शुभ क्षण के साक्षी बने।मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील तिवारी ने बताया कि सुबह चार बजे से विशेष पूजा—अर्चना शुरू हुई, जिसके पश्चात सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर सुबह छह बजे भगवान के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। साढ़े सात बजे भगवान रुद्रनाथ की डोली विधिवत प्रस्थान कर पंचगंगा, पितृधार, पनार गुग्याल होते हुए मोली बुग्याल पहुंची, जहां भगवान को नए अनाजों का राजभोग’ लगाया गया। इसके बाद डोली सगर गांव में विश्राम करेगी, जहां पुनः नए अनाज का भोग लगाया जाएगा। सूर्यास्त से पहले भगवान की डोली गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंच जाएगी और वहीं छह माह तक विराजमान रहेगी। परंपरा के अनुसार, कपाट बंद करते समय भगवान को मंदार (बुखला) के 251 पुष्प गुच्छों से अलंकृत किया गया। कपाट पुनः खुलने पर इन्हीं पुष्पों को प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
October 17, 2025बिहार के पहले चरण के चुनाव के लिए 40 स्टार प्रचारक स्मृति ईरानी का नाम भी सूची में शामिल नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित तमाम केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं के नाम शामिल हैं।उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा तथा कल पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख है। भाजपा जो इन दिनों मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के आरोपों से लेकर अन्य तमाम विवादों का सामना कर रही है, के लिए बिहार विधानसभा का चुनाव जीतना और नीतीश कुमार के साथ गठबंधन में बने रहने के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्व का बन चुका है। यही कारण है कि भाजपा ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है तथा अपने सहयोगियों को साधने में भी कोई कोर कसर नहीं रखी है।वर्तमान स्टार प्रचारकों की जो सूची पहले चरण के लिए घोषित की गई है उसमें 40 नेताओं के नाम रखे गए हैं। जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, असम के सीएम हेमंता विस्वा शरमा एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा जिन प्रमुख भाजपा के नेताओं के नाम इस सूची में रखे गए हैं उनमें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह, नितिन गडकरी, केशव प्रसाद मौर्य, सीआर पाटिल सहित तमाम अन्य बड़े नाम शामिल है। इस सूची में पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी का भी नाम है।
October 17, 2025देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में पीएमश्री और लखपति दीदी योजना की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ङ में भी पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए योजना संचालित की जाए।मुख्य सचिव ने कहा कि पीएमश्री योजना के तहत् स्कूलों को 5 वर्षों तक 40 — 40 लाख की धनराशि (कुल 2 करोड़ रुपए) उपलब्ध कराई जाती है, जिससे स्कूलों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध करायी जाती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएमश्री योजना की तर्ज पर प्रदेश में भी योजना संचालित की जाए जिससे स्कूलों में बच्चों के पठन पाठन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें। इससे प्रदेश के सभी सरकारी विघालयों में स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं पुस्तकालय आदि से संतृप्त किए जाने में तेजी आएगी। उन्होंने क्लस्टर विघालयों से इसकी शुरूआत किए जाने की बात कही।मुख्य सचिव ने लखपति दीदी योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के और अधिक कारगर बनाए जाने एवं स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों में तकनीक के अधिकतम उपयोग से गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार क्षमता विकास कार्यक्रम संचालित किए जाने के निर्देश दिए हैं। लखपति दीदी योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय संचालन समिति और राज्य स्तरीय निगरानी समिति का गठन शीघ्र कर इनकी निरन्तर बैठकें आयोजित की जाएं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, ई—कॉमर्स प्लेटफार्म, रिटेल चेन आदि पर अधिक से अधिक फोकस किया जाए। उन्होंने उत्पादों को हाऊस ऑॅफ हिमालयाज में भी शामिल किए जाने की बात कही।इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, मेहरबान सिंह बिष्ट एवं सुश्री झरना कामठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
October 17, 2025शिक्षिका का लम्बित वेतन, सुरक्षा राशि व अनुभव प्रमाण पत्र जारी देहरादून। जिलाधिकारी सविन बसंल के दरबार में शिक्षिका कनिका ने गुहार लगायी तो स्कूल प्रबंधन को घुटनों में आना पडा और शिक्षिका के वेतन, सुरक्षा राशि व अनुभव प्रमाण पत्र जारी किया।यहां विगत जनता दर्शन में निजी स्कूल में शिक्षण कार्य करा रही कनिका मदान जिलाधिकारी सविन बसंल से गुहार लगाई कि वे मोथोरोवाला में इडिफाई वर्ल्ड स्कूल में शिक्षण का कार्य करती हैं। स्कूल उनके माह मार्च तथा जुलाई के वेतन सहित सुरक्षा राशि नही दे रहा है साथ ही स्कूल प्रबन्धन द्वारा अनुभव प्रमाण पत्र भी जारी नही किया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल कार्यवाही करते हुए वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सविन बंसल जनहित असहाय, व्यथितों शोषितों के प्रकरण कड़े एक्शन के लिए जाने जाते हैं अपनी कार्य प्रवृत्ति के अनुसार निरंतर बड़े निर्णय ले रहे है। जिलाधिकारी के संज्ञान लेते ही नामी गिरामी स्कूल घुटनों के बल आ गया तथा कनिका मदान को 2 माह का वेतन भुगतान के चैक धनराशि 78966 रूपये जारी करते हुए अनुभवन प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। असहाय, व्यथितों, शोषितों के हितार्थ जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के अंजाम सर्वविधित है इसका फिर एकबार ताजा उदाहरण निजी स्कूल की शिक्षिका कनिका मदान के मामले में आया है। इस प्रकार निरंतर कार्य एवं एक्शन जिला प्रशासन द्वारा जनहित में लिए जा रहे है, जिससे जनमानस में सरकार एवं प्रशासन के प्रति विश्वास बढा है। स्वास्थ्य से लेकर, शिक्षा रोजगार तक जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे है। जो कि एक सराहनीय पहल है। इससे शोषण करने वालों में भी भय का माहौल है। जिला प्रशासन की इस नई कार्यश्ौली से असहाय व्यथितों को निर्णय की आस बढ रही है, जिससे जिलाधिकारी के जनदर्शन के अतिरिक्त जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में अपनी समस्याओं के समाधान फरियादियों की संख्या निरंतर बढ रही है जिसमें 40—50 लोग प्रतिदिन जिलाधिकारी के कक्ष में अपनी समस्याओं को लेकर मिलते है, तथा उनको समयबद्ध समाधान मिल रहा है।