मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बिहार के कुख्यात बदमाश नीलेश राय को ढेर कर दिया गया। बुधवार रात को एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। बदमाश पर 2.25 लाख का इनाम था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुजफ्फरनगर के रतनपुरी इलाके में उत्तर प्रदेश और बिहार के विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। इसमें बिहार का रहने वाला कुख्यात बदमाश गंभीर रूप से घायल हुआ है। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। कुख्यात बदमाश नीलेश राय पर हत्या, लूट , डकैती और रंगदारी जैसे दो दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज थे। वह बिहार के बेगूसराय का रहने वाला था। बदमाश नीलेश राय पर बिहार सरकार ने 2.25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। 24 फरवरी 2024 को जब बेगूसराय के थाना गढ़हरा क्षेत्र में पुलिस ने रेड की थी, तब उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बिहार पुलिस दल पर अंधाधुंध फायरिंग की थी और फिर वहां से भाग निकला था। बीते दिन हुए एनकाउंटर को लेकर एडीजीपी अमिताभ यश ने बताया कि मुठभेड़ में नीलेश के दो साथी मौके से फरार हो गए। उन्हें तलाश जारी है। मामले को लेकर जांच जारी है।