भ्रष्टाचार के चलते बदले भाजपा ने तीन मुख्यमंत्रीः राहुल

0
770

भाजपा को किसान व गरीब मजदूरों की समस्याओं से कुछ लेना—देना नहीं

देहरादून/हरिद्वार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज मंगलौर में अपनी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जनता के साथ धोखा करने और झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड में तीन—तीन मुख्यमंत्री बदले, उन्होंने कहा कि भाजपा अगर ईमानदारी से काम करने वाली होती तो उसे तीन—तीन मुख्यमंत्री बदलने की जरूरत नहीं पड़ती।
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को राज्य में तीन—तीन मुख्यमंत्री बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? इसका जवाब भाजपा के नेता नहीं देंगें, मैं आपको बताऊंगा कि भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? इसका कारण भ्रष्टाचार और लूट है। पहले एक मुख्यमंत्री आया जब उसने लूट कर ली तो कहा अब तुम हट जाओ, दूसरे को लूटने दो। राहुल गांधी ने भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री इसलिए बदले क्योंकि वह भ्रष्टाचार में लिप्त थे। उन्होंने कहा कि हम आपको एक ऐसी सरकार देंगे जो गरीबों की सरकार होगी। मजदूरों की सरकार होगी किसानों की सरकार होगी।
उन्होंने कहा कि यहां के गन्ना किसानों के लिए सरकार ने क्या किया है? उन्होंने तीन कृषि कानूनों की बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को बर्बाद करने वाले तीन कृषि कानून लेकर आए थे जिसका किसानों ने विरोध किया। पूरे एक साल तक आंदोलनकारी किसानों से देश के प्रधानमंत्री ने बात नहीं की, उन्होंने इसलिए बात नहीं की क्योंकि वह प्रधानमंत्री नहीं है राजा है और राजा किसी की बात नहीं सुनता। उन्हें किसानों और जनता की समस्याओं से कुछ लेना—देना नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि आज आम आदमी बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर न तो कुछ बोलना चाहते हैं और न सुनना। उन्हें सिर्फ सुनाना अच्छा लगता है और मुझे तो वह हमेशा ही कुछ न कुछ सुनाते रहते हैं लेकिन अब जनता उन्हें सुनाने वाली है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान अब अपने अंतिम दौर की ओर बढ़ रहा है प्रचार के लिए राजनीतिक दलों के पास सिर्फ दो दिन का ही समय शेष बचा है यही कारण है कि कोरोना प्रभावित चुनाव प्रचार में अब सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। काग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज जहां मंगलौर में अपनी पहली जनसभा की वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने आज श्रीनगर में अपनी रैली की। वहीं बसपा सुप्रीमो में भी रुड़की में अपनी पहली वर्चुअल चुनावी रैली की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here