भाजपा ही कर सकती है राज्य का विकासः नड्डा

0
340

कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं

देहरादून। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने विकास किया है और विकास कर सकती है। कांग्रेस ने उत्तराखंड में कोई विकास कार्य नहीं किया और न उसके पास विकास का कोई विजन है। यह बात आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केदारनाथ और चौबट्टाखाल के मतदाताओं को संबोधित करते हुए कही।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कहना है कि राज्य में अब तक जो भी विकास के काम हुए हैं वह सारे काम भाजपा की डबल इंजन सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के किसानों को जो सम्मान निधि मिल रही है वह भाजपा की सरकार ने ही दी है। उन्होंने कहा कि राज्य के छोटी जोत वाले किसानों के लिए इस सम्मान निधि के क्या मायने हैं इस बात को वह अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होने कहा कि उत्तराखंड जो एक सैन्य प्रदेश है उस प्रदेश में अगर सैनिकों को सम्मान देने का काम अगर किसी पार्टी ने किया है तो वह भाजपा ही है। उन्होंने कहा कि आप में से बहुत से लोग जब सेना में भर्ती भी नहीं हुए थे 1971 से लंबित वन रैंक वन पेंशन की योजना को अगर किसी ने लागू किया तो वह भाजपा ने किया है। जब 2014 में भाजपा की सरकार आई तब कहीं जाकर वन रैंक वन पेंशन योजना लागू हो सके जिसका प्रदेश के हजारों परिवारों को फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के रहते इस बारे में कभी नहीं सोचा गया। नड्डा ने कहा कि क्या आप कभी सोच सकते थे कि इस प्रदेश में कभी कोई सैन्य धाम भी बनाया जा सकता है। यह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि राज्य में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है जिसमें प्रदेश के शहीद सपूतों की स्मृतियों को संजों कर रखा जा सकेगा।
उन्होंने काग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी की सोच है कि हवाई जहाज व गोला बारूद खरीदने से कोई देश बड़ा और शक्तिशाली नहीं बनता है। लेकिन हम अपनी सेनाओं को क्या चाहिए इसका महत्व को समझते हैं। हमने रातों—रात राफेल लाकर खड़े कर दिए, उन्होंने कहा कि काग्रेस नेता ए के एंटोनी कहते हैं कि हमें अफसोस है कि हम चाइना जैसी अच्छी सड़कें नहीं बना सके। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के समय में अगर किसी सैन्य कानबाई को सीमा पर जाना होता था तो चार—चार दिन का समय लग जाता था। सड़कों को बंद कर दिया जाता था लेकिन आज चीन के बॉर्डर तक हमारे सैनिक आसानी से जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखंड में 14 हजार किलोमीटर सड़कें बनाई हैं जिसमें ऑल वेदर रोड भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के इस क्रम को सिर्फ भाजपा ही जारी रख सकती है क्योंकि भाजपा जो कहती है वह करती भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here