टिकट न मिलने के कारण आप को छोड़ रहे हैं नेता
देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा का विकल्प बताने वाली आम आदमी पार्टी को अब उनके नेता चुनाव से पहले ही छोड़ कर भाग रहे हैं। आप को आज उस समय एक बड़ा झटका लगा जब आप के प्रदेश सचिव राजेश शर्मा ने भाजपा का दामन थाम लिया वही आप के प्रदेश उपाध्यक्ष मेजर जनरल सी.के.जखमोला कांग्रेस में शामिल हो गए।
आम आदमी पार्टी भले ही राज्य की सत्ता में आने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरी हो तथा सीएम का चेहरा बनाए गए कर्नल कोठियाल कितनी भी मेहनत कर रहे हो। लेकिन उनके नेताओं का अब आप से मोहभंग होता दिख रहा है। राजधानी दून की रायपुर सीट से आप प्रत्याशी नवीन का विरोध करते हुए उन्हें एक थोपा हुआ प्रत्याशी बता कर आज आप का दामन प्रदेश सचिव राजेश शर्मा ने छोड़ दिया और वह भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें सांसद राजलक्ष्मी शाह और प्रह्लाद जोशी ने भाजपा की सदस्यता प्रदान की।
उधर आप की नीतियों से असहमति जताते हुए आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष मेजर जनरल सी.के. जखमोला ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता प्रदान की। इस अवसर पर देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है जिसके कारण नेताओं का कांग्रेस के प्रति समर्थन बढ़ रहा है और अनेक नेता कांग्रेस के साथ आना चाहते हैं।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पहली बार सूबे की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी से अधिकांश लोग इस लालच में आप से जुड़े थे क्योंकि नई पार्टी होने के कारण उन्हें आसानी से टिकट मिलने की उम्मीद थी जिन्हें टिकट नहीं मिला वह अब पार्टी छोड़कर भाजपा व काग्रेस में जा रहे हैं।