चमोली/देहरादून। बद्रीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल की विभागीय जांच और निलंबन की कार्रवाई के बाद अब उनके खिलाफ पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिस पर अब पुलिस भी जांच में जुट गयी है। वहीं शासन द्वारा भी इस मामले की गम्भीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़े मामले में बीकेटीसी की शिकायत पर बद्रीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बीएनएस की धारा 306 और 316(5) की धारा के तहत प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं, इससे पहले बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे में हेराफेरी करने के आरोपी निजी सहायक प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया था। इसके साथ ही इस मामले में राज्य सरकार ने गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति को जांच सौंपी गई। ये जांच समिति 15 दिन के भीतर सरकार को जांच रिपोर्ट सौंपेगी।
श्री बद्रीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर पर थाना बद्रीनाथ में आज मुकदम दर्ज किया गया है। तहरीर के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से बद्रीनाथ मंदिर में हुई कथित वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने के बाद मंदिर समिति ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। प्रारंभिक जांच में संबंधित कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा प्रथम दृष्टया मंदिर धनराशि को सुबह करीब 9 बजे से 9ः30 बजे के बीच कथित रूप से अनधिकृत तरीके से धनराशि उठाए जाने की पुष्टि होने का उल्लेख किया गया है।




