देहरादून। ऋषिकेश में देर रात हुई महिला की गोली मारकर की गयी हत्या मामले में आज एसएसपी देहरादून द्वारा मौका मुआयना किया गया है। एसएसपी द्वारा परिजनों से भी मुलाकात कर मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया गया है।
जानकारी के अनुसार देर रात कोतवाली ऋषिकेश को सूचना प्राप्त हुई कि शिवाजी नगर, गली नंबर 11 में किराये में रह रही एक महिला को एक व्यक्ति द्वारा गोली मार दी है। सूचना पर कोतवाली ऋषिकेश से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा,मौके पर मृतक महिला की पहचान प्रीति रावत के रूप मे हुई, मृतक महिला के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त महिला एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्य कर रही थी तथा शिवाजी नगर में अकेले किराए पर रहती थी। घटना के संबंध में मृतक महिला के पिता बच्चन सिंह रावत द्वारा लिखित तहरीर कोतवाली ऋषिकेश मे बाबत उनकी पुत्री की हत्या सुरेश गुप्ता द्वारा गोली मारकर करने के संबंध में दी गई, लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत आरोपी की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर कोतवाली ऋषिकेश पर तत्काल अलग—अलग टीमों का गठन किया गया है, जिनके द्वारा आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि मृतक महिला का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो गया था तथा कोरोना के समय मृतक महिला सुरेश गुप्ता के ससुराल वालों की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने के लिए आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई थी तथा उसके पश्चात से सुरेश गुप्ता का अक्सर मृतक महिला से मिलना जुलना होता था व उसके घर पर आना—जाना था, सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी जब उसके घर वालों को पता चली तो सुरेश गुप्ता व उसकी पत्नी का अक्सर झगड़ा होता था उक्त पारिवारिक झगडे को स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों द्वारा भी निपटाने का काफी प्रयास किया गया परंतु सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ता गया उक्त विवाद के चलते आरोपी सुरेश गुप्ता द्वारा प्रीति के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से लगभग 4 माह पूर्व आपसी सहमति से तलाक ले लिया, प्रीति से शादी करने से पूर्व प्रीति एवं उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही गई, जिस कारण आरोपी सुरेश गुप्ता द्वारा अपनी लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक सारी संपत्ति 35 लाख में बेचकर ऋषिकेश मे प्रीति के साथ रहने के लिए मकान ढूंढ़ने लगा, परंतु 35 लाख में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण आरोपी एवम् प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा जिस कारण आरोपी अवसाद में भी आ गया था।
प्रथमदृष्टया आरोपी का मृतिका प्रीति के साथ प्रेम प्रसंग होने के कारण अपनी पत्नी से तलाक होने तथा अपनी लक्सर स्थित सारी संपत्ति बेचकर भी ऋषिकेश में प्रीति संग शादी कर रहने के लिए मकान न खरीद पाने के चलते मनमुटाव व अवसाद,मे आकर आरोपी द्वारा उक्त घटना का अंजाम दिया गया परिलक्षित हो रहा है। पुलिस द्वारा घटना के सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से विवेचना की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर, घटनास्थल निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी गई साथ ही आरोप के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया।




