यात्रियों की संख्या में कमी से सुधरे हालात

0
309

  • धीरे चारधाम यात्रा हो रही है सामान्यः धामी
  • बिना पंजीकरण जाने वालों पर रोक
  • अब आसानी से हो रहे हैं दर्शन

देहरादून। चारों धामों के कपाट खुलने के साथ ही चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं के ध्वस्त होने के कारण जो हालात बिगड़ गए थे अब वह धीरे—धीरे सामान्य होते जा रहे हैं। चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर शासन—प्रशासन द्वारा कई सख्त कदम उठाये गये थे जिनका असर अब दिखने लगा है। हालांकि प्रशासन की सख्ती के कारण यात्रियों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है लेकिन अब धामों में पहुंचने वाले श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर पा रहे हैं।
प्रारंभिक तौर में गंगोत्री—यमुनोत्री और केदार धाम में बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने से जाम के साथ—साथ अन्य तमाम तरह की समस्याएं पैदा हो गई थी। मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर प्रशासन द्वारा बिना पंजीकरण आने वाले यात्रियों को रास्ते से वापस लौटने और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन बंद किए जाने के कारण बड़ी तादाद में यात्रियों को लौटाने से धामों में पहुंचने वालों भीड़ का दबाव अब कम होता जा रहा है। यात्रियों के पंजीकरण आदि की जांच का काम आगे भी जारी रखने की बात कही जा रही है। यात्रा मार्गों पर बनाए गए चेक पोस्टों पर जांच के बाद अब यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी आज लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली गए हुए हैं। कल जब वह यहां थे तो उन्होंने उत्तरकाशी जाकर खुद भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। आज उन्होंने दिल्ली से अधिकारियों के साथ वर्चुअली वार्ता की और हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री का कहना है कि अब स्थिति सामान्य होती जा रही है और जल्द ही ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए जाएंगे। अभी 19 तक रजिस्ट्रेशन बंद है तथा धामों में वीआईपी दर्शन पर 31 मई तक रोक लगाई हुई है। भले ही सरकार व प्रशासन के इस प्रयास से हालात सुधरे हो लेकिन हजारों की संख्या में लोगों का बिना दर्शन किये वापस लौट जाना सरकार की छवि के लिए ठीक नहीं माना जा रहा है। सभी चारों धामों में अब तक चार लाख से अधिक यात्रियों के दर्शन करने की बात कही जा रही है। जहां तक व्यवस्थाओं में सुधार की बात है तो यात्रा शुरू होने के बाद अब इन व्यवस्थाओं में कोई सुधार विशेष किया जाना भी संभव नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here