राज्यपाल, सीएम और विस अध्यक्ष ने जताया कपूर के निधन पर शोक

0
806

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी से लगातार आठ बार विधायक रहे हरबंस कपूर का आज निधन हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यत्तQ किया है। मुख्यमंत्री ने विधायक हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत हरबंस कपूर राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विघानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। अग्रवाल ने कहा कि सभी के मार्गदर्शक रहे हरबंस कपूर का निधन एक युग का अंत है। इस अपूरणीय क्षति को भर पाना मुमकिन नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक धरोहर को खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वह वंचित वर्गों की आवाज मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।
अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में विधायक रहे स्व. कपूर ने विभिन्न पदों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं कर्तव्य निष्ठा से निर्वहन किया। वह पक्ष एवं विपक्ष दोनों के लिए ही एक प्रिय नेता थे। अग्रवाल ने कहा कि संसदीय प्रक्रिया के गहन जानकार और हमेशा लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों को सदन में उठाने वाले एक सजग प्रहरी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। भाजपा नेता विनय गोयल ने भी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गोयल ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भाजपा नेता विश्वास डाबर, पार्षद अमिता सिंह, पुनीत मित्तल, जोगेंद्र सिंह पुण्डीर, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद ने भी उनके निवास स्थान पर पहुंच कर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए।

राज्यपाल ने शोक व्यक्त किया
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा वर्तमान विधायक हरबंस कपूर के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here