हर्षित मन सब भये सुखारे, रामलला निज धाम पधारे

0
302
  • वैदिक मत्रों के बीच रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर उतारी आरती
  • उल्लास में डूबी अयोध्या बस राम नाम की गूंज
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे मुख्य यजमान
  • यूपी सीएम योगी ने किया मेहमानों का स्वागत
  • देश—विदेश की हजारों महान हस्तियां भी बनी साक्षी

अयोध्या। देश और दुनिया की नजरे आज अयोध्या पर टिकी है। 500 सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार आज वह शुभ समय आ ही गया जब भगवान श्री राम अपने नव निवेदित घर में विराजमान हो गए। इस दिन को खास बनाने के प्रयास तो सालों से जारी थे लेकिन राम मंदिर में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए बीते दो सप्ताह से अनावरत अनुष्ठान और पूजा पाठ का काम जारी था जो आज 12 बजकर 30 मिनट और 16 सेकंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गर्भ गृह में विराजित अचल विग्रह की आंखों से पटृी खोलने और दर्पण दर्शन कराने के साथ अपनी संपूर्णता तक पहुंच गया। बाल रूप भगवान श्री राम के प्रथम दर्शन पाकर भक्तजन भाव विभोर हो गए और उनके नेत्रों से अश्रुधारा बह चली।
इस भव्य आयोजन के लिए अयोध्या पुरी को किसी दुल्हन की तरह सजाया गया था, ऐसी अयोध्या जैसी आज अयोध्या को शायद इससे पूर्व कभी किसी ने देखा होगा तो सिर्फ त्रेता काल में ही देखा होगा जब अयोध्या में भगवान श्री राम का जन्म हुआ होगा या फिर तब जब 14 बरस के वनवास के बाद राम अयोध्या लौट कर आए होंगें। आज अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के समय देश—विदेश से आए हजारों मेहमान अयोध्या की इस भव्यता और दिव्यता के दर्शन कर स्वयं को सौभाग्यशाली होने की बात कहते दिखे।
अयोध्या में आज हर तरफ उत्सव का माहौल है। हर तरफ जय श्री राम के नारों की अनुगूंज है लोग ढोल नगाड़ों की धुन पर नाचते गाते और राम धुन में मस्त हैं। अयोध्या की साफ सफाई से लेकर फूलों की भव्य सजावट के साथ—साथ सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए। आज आम जनों को अयोध्या आगमन पर प्रतिबंध लगाया गया है सिर्फ उन्हें ही कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति दी गई है जो आमंत्रित विशिष्ट जन है। इस कार्यक्रम में अनेक देशों के प्रतिनिधि तो भाग ले ही रहे हैं साथ ही फिल्म जगत और उघोग जगत की सभी बड़ी हस्तियों के अलावा अन्य तमाम क्षेत्रों के ख्याति प्राप्त व्यक्तियों के अलावा बड़ी संख्या में साधु संतों और महंतो की भी उपस्थिति देखी गई। वही देश भर की राजनीतिक हस्तियां भी अवधपुरी में मौजूद है।
अयोध्यापुरी के चप्पे—चप्पे को विशेष रूप से सजाया गया है नवनिर्मित महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर रेलवे स्टेशन बस अड्डे से लेकर सरयू के सभी घाटों और परिक्रमा मार्गाे पर सजावट की गई है रात में रंग बिरंगी लाइटों की रोशनी में अयोध्या के इस भव्य और दिव्य स्वरूप को देखकर यहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति आज स्वयं को धन्य महसूस कर रहा है। देश के कोने—कोने से आये कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखते ही बनती है। सच यही है कि आज की अयोध्या की छवि अविश्वसनीय है यहां पहुंचे लोग भी इतने खुश हैं कि उनके पास भी अपने अंदर के आनंद को वर्णन करने के लिए शब्द नहीं है। इस अवसर पर पहले से अयोध्या में मौजूद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह से ही नगर भ्रमण पर निकल पड़े और सभी आगंतुकों का स्वागत करते दिखे।

अभिजीत मुहूर्त में संपन्न हुई प्राण प्रतिष्ठा

  • आसमान से पुष्प वर्षा, रघुपति राघव राजा राम की गूंज
    अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रजत छत्र के साथ 12 बजे पहुंचे गर्भ ग्रह में और प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू हुआ। जो अभिजीत मुहूर्त में संपन्न हुआ। मुख्य यजमान के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुष्ठान संपन्न किया और अंत में धूप दीप के साथ रामलला की आरती उतारी। इस अनुष्ठान में संघ प्रमुख मोहन भागवत उनके साथ बैठे वहीं यूपी के राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर पर इस दौरान आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की गई तथा रघुपति राघव राजा राम की धुन निरंतर बजती रही। शहनाइयों की धुन से पूरा अयोध्या धाम राम मय हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here